Patna Police: पटना पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल, बस की टक्कर से घायल व्यक्ति को पहुंचाया अस्पताल

पटना के हड़ताली मोड़ के पास बस की टक्कर से अजय कुमार घायल हो गए। एसआई दिलशाद और मोहन कुमार ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी।

Patna Police: पटना में सड़क हादसे के बाद पुलिसकर्मियों ने घायल व्यक्ति की मदद कर मानवता की मिसाल पेश की। हड़ताली मोड़ के पास बस की टक्कर से महेश नगर निवासी अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया और इलाज की व्यवस्था कराई।


एसआई दिलशाद और मोहन कुमार ने दिखाई तत्परता


मिली जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद एसआई दिलशाद और एसआई मोहन कुमार ने घायल अजय कुमार को अपनी गाड़ी से एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया। वहां पुलिस की देखरेख में उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। उनकी चोटों की जांच के लिए सीटी स्कैन भी कराया गया।


संपर्क नंबर से परिजनों को दी गई सूचना


पुलिस को घायल अजय कुमार की जेब से संपर्क नंबर मिला। इसके आधार पर उनके परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। अस्पताल में शुरुआती इलाज के बाद पुलिस ने अजय कुमार को उनके परिजनों के हवाले कर दिया। बेहतर इलाज के लिए परिजन उन्हें आगे रुबन अस्पताल ले गए।


पुलिसकर्मियों की मदद की हो रही सराहना


सड़क हादसे में घायल व्यक्ति के लिए समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी होता है। ऐसे में एसआई दिलशाद और एसआई मोहन कुमार की तत्परता से घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद मिली। उनकी इस पहल से यह संदेश मिलता है कि पुलिस की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था संभालने के साथ-साथ जरूरत के समय लोगों की मदद करना भी है।

रंजीत कुमार की रिपोर्ट