नशे के सौदागरों पर पटना पुलिस की बड़ी स्ट्राइक:5 किलो स्मैक के साथ नशे के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश

पटना पुलिस की एक विशेष टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने करीब 5 किलो स्मैक बरामद किया है।

नशे के सौदागरों पर पटना पुलिस की बड़ी स्ट्राइक:5 किलो स्मैक बरामद- फोटो : news 4 nation

बिहार की राजधानी पटना में पुलिस की एक विशेष टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक को अंजाम दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस छापेमारी में पुलिस ने करीब 5 किलो स्मैक बरामद किया है। नशे की यह खेप एक घर में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखी गई थी। पकड़े गए स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि पटना में नशे का एक बहुत बड़ा सिंडिकेट सक्रिय है।

फुलवारी शरीफ के नूरा में पुलिस की दबिश

पुलिस को मिली पुख्ता जानकारी के बाद विशेष टीम ने खगौल थाना गांव का नयन चक गांव में छापेमारी की। पुलिस ने जैसे ही संदिग्ध घर की घेराबंदी की, इलाके में हड़कंप मच गया। घर की सघन तलाशी के दौरान भारी मात्रा में स्मैक के पैकेट बरामद हुए। इस बड़ी बरामदगी की खबर मिलते ही पुलिस महकमे के आला अधिकारी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं ताकि इस काले कारोबार की तह तक पहुंचा जा सके।

करोड़ों की खेप और आलाधिकारियों का जमावड़ा

बरामद स्मैक की शुद्धता और मात्रा को देखते हुए इसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पटना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और जांच टीम को आवश्यक निर्देश दे रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक कहाँ से लाई गई थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।

सिंडिकेट के नेटवर्क को खंगाल रही विशेष टीम

पटना पुलिस अब इस बरामदगी के बाद उस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है जो शहर में नशे की सप्लाई करता है। पुलिस को संदेह है कि इस धंधे के तार अंतरराज्यीय गिरोहों से भी जुड़े हो सकते हैं। छापेमारी वाली जगह से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस भंडाफोड़ के बाद आने वाले दिनों में कुछ और बड़े सफेदपोश चेहरे बेनकाब हो सकते हैं।