Bihar News : पटना पुलिस की 'फ्रेंडली पुलिसिंग' पर दाग, थाने की गाड़ी का प्राइवेट ड्राइवर सरेआम पी रहा शराब, दुकानदारों से हफ्ता वसूली का भी आरोप
Bihar News : पटना के गर्दनीबाग थाने का पुलिस वाहन का एक निजी चालक पुलिसिया रसूख और धौंस दिखाकर न केवल स्थानीय दुकानदारों को प्रताड़ित कर रहा है.....पढ़िए आगे
PATNA : पटना पुलिस को 'पीपुल्स फ्रेंडली' यानी जनता का मददगार बनाने का दावा एक बार फिर फिसड्डी साबित होता नजर आ रहा है। ताजा मामला राजधानी के गर्दनीबाग थाने से सामने आया है, जहां पुलिस वाहन का एक निजी चालक पुलिसिया रसूख और धौंस दिखाकर न केवल स्थानीय दुकानदारों को प्रताड़ित कर रहा है, बल्कि बिहार में लागू कड़े शराबबंदी कानून की भी खुलेआम धज्जियां उड़ा रहा है। इस पूरे मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चालक शराब का पैक मारते हुए नजर आ रहा है। हालांकि, वायरल हो रहे इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि 'न्यूज 4 नेशन' नहीं करता है।
गर्दनीबाग थाने की गाड़ी चलाता है आरोपी राजीव
जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो में अवैध शराब के साथ दिख रहे दो युवकों में से एक की पहचान 24 वर्षीय राजीव के रूप में हुई है। राजीव गर्दनीबाग थाना क्षेत्र का ही रहने वाला है और पिछले करीब चार महीनों से गर्दनीबाग थाने में पुलिस की गाड़ी चला रहा है। थाने का सरकारी वाहन हाथ में होने के कारण इलाके में उसका रसूख काफी बढ़ गया है और वह खुद को पुलिसिया तंत्र का हिस्सा बताकर लोगों पर रौब झाड़ता है।
दुकानदारों को देता है बंद कराने की धमकी
स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने इस निजी चालक पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। दुकानदारों का कहना है कि राजीव पुलिस की धौंस दिखाकर कभी किसी दुकान से मुफ्त में बिरयानी खा लेता है, तो कभी पान की गुमटी से सिगरेट उठा लेता है। जब गरीब दुकानदार उससे सामान के एवज में रुपयों की मांग करते हैं, तो वह हफ्ता वसूली के अंदाज में उन्हें सीधे धमकी देता है। वह दुकानदारों से कहता है कि अगर ज्यादा बोलोगे तो पुलिस से कहकर तुम्हारी दुकान ही बंद करवा देंगे।
शराबबंदी कानून को ठेंगा दिखाता वीडियो वायरल
एक तरफ जहां बिहार सरकार और पटना पुलिस सूबे में शराबबंदी को पूरी तरह सफल बनाने के लिए हर दिन छापेमारी और गिरफ्तारियां कर रही है, वहीं थाने से जुड़े इस चालक का शराब पीते हुए वीडियो वायरल होना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। रक्षक के साथ रहने वाले ही जब इस तरह कानून को ठेंगा दिखाएंगे, तो आम जनता में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास कम होना लाजिमी है।
वरीय अधिकारियों तक पहुंचा मामला, कार्रवाई का इंतजार
थाने की छवि खराब करने वाले इस पूरे कारनामे की भनक अब पुलिस के वरीय अधिकारियों को लग चुकी है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे के उच्च अधिकारी वीडियो और आरोपों की जांच में जुट गए हैं। अब देखना यह दिलचस्प होगा कि पटना पुलिस की छवि को सरेआम धूमिल करने वाले और कानून के साथ खिलवाड़ करने वाले इस दबंग निजी चालक पर विभाग किस तरह की और कितनी सख्त कानूनी कार्रवाई करता है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट