पटना में एसटीएफ और पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध हथियारों के जखीरे के साथ पिता-पुत्र गिरफ्तार

पटना के पंडारक में पुलिस और एसटीएफ ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध हथियार और 138 से अधिक कारतूसों के साथ पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे ये हथियार कहां से लाए

पटना में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई- फोटो : news 4 nation

पटना ग्रामीण पुलिस और एसटीएफ ने अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंडारक थाना क्षेत्र के भगवतीपुर करमौर गांव में छापेमारी की। पुलिस को बुधवार की रात करीब 1:30 बजे सूचना मिली थी कि कुख्यात अपराधी दयानंद पासवान उर्फ सुरेश पासवान और उसका पुत्र अभिषेक कुमार किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए घर में हथियार जुटा रहे हैं। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गठित विशेष टीम ने अहले सुबह दबिश देकर दोनों पिता-पुत्र को दबोच लिया।


घर से मिला हथियारों और कारतूसों का जखीरा

आरोपियों के ठिकाने पर की गई सघन तलाशी के दौरान पुलिस को भारी मात्रा में अवैध असलहा और कारतूस बरामद हुए। बरामद सामान में तीन देशी कट्टा, एक 7.65 एमएम पिस्टल, 138 से अधिक विभिन्न बोर के जिंदा कारतूस, मैगजीन, गोलियां रखने वाले पांच प्लास्टिक बॉक्स, 56,200 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन शामिल हैं। बरामद हथियारों का इतना बड़ा जखीरा देखकर छापेमारी दल में शामिल अधिकारी भी हैरान रह गए।


मुख्य आरोपी का रहा है संगीन आपराधिक इतिहास

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी दयानंद पासवान उर्फ सुरेश पासवान का पहले से ही हत्या, लूट और डकैती जैसे कई संगीन मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे ये हथियार कहां से लाए थे और क्या उनका संबंध किसी बड़े अंतरप्रांतीय या स्थानीय सक्रिय आपराधिक गिरोह से है।


समय रहते टली बड़ी आपराधिक वारदात

पंडारक थानाध्यक्ष नवनीत राय और एसटीएफ टीम की इस मुस्तैदी से क्षेत्र में एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना समय रहते टल गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों में अपराधियों के खिलाफ ऐसा सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पटना सिटी से रजनीश की रिपोर्ट