Bihar News : पटना मद्य निषेध की 'महिला ब्रिगेड' का बड़ा एक्शन, तीन इलाकों में छापेमारी कर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार

Bihar News : पटना मद्य निषेध की महिला टीम एक्शन मोड में है. महिला टीम ने छापेमारी कर शराब की बड़ी खेप को बरामद किया है. साथ ही तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

'महिला ब्रिगेड' का बड़ा एक्शन- फोटो : ANIL

PATNA : पटना में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए मद्य निषेध विभाग की महिला टीम पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रही है। इस विशेष महिला टीम ने पटना सिटी रेलवे स्टेशन, दीघा के रामजीचक और पत्रकार नगर के मलाही पकड़ी इलाके में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इन तीनों स्थानों से टीम ने बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए तीन अंतरजिले/स्थानीय तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्रवाई की खास बात यह रही कि इस विशेष टीम में अधिकारी से लेकर सिपाही तक केवल महिलाएं ही शामिल थीं।

पहली कार्रवाई पटना सिटी रेलवे स्टेशन के समीप की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने एक खटाल के पास छापेमारी कर 26.7 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की। इस दौरान पटना सिटी निवासी तस्कर पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके पास से बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है। वहीं दूसरी कार्रवाई दीघा के रामजीचक में हुई, जहां टीम ने एक हुंडई आई-10 (i10) कार को जब्त कर उससे 60.48 लीटर अंग्रेजी शराब (कीमत लगभग 75 हजार रुपये) बरामद की और मनेर निवासी तस्कर सुमित कुमार को दबोच लिया।

तीसरी छापेमारी पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के मलाही पकड़ी में अंजाम दी गई, जहां से मद्य निषेध टीम ने 22.32 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब (कीमत लगभग 30 हजार रुपये) जब्त की और मौके से मलाही पकड़ी निवासी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों स्थानों से जब्त शराब की कुल कीमत करीब 1.40 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर शराब आपूर्ति के मुख्य नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।

तीनों सफल छापेमारी अभियानों का नेतृत्व मद्य निषेध विभाग की प्रशिक्षु अधीक्षक शैवी दूबे ने किया। इस आल-वुमन (All-Women) टीम में सब-इंस्पेक्टर सोनम कुमारी, निशा कुमारी, दीपाली कुमारी, नीलू कुमारी, एएसआई नेहा कुमारी, अस्मिता कुमारी, चंचल कुमारी, विदुता कुमारी, उपमा कुमारी, संगीता कुमारी के साथ-साथ महिला सिपाही अनुराधा, खुशबू, चंदा, राजंती और बेबी कुमारी शामिल थीं। महिला टीम की इस साहसिक और त्वरित कार्रवाई की प्रशासनिक स्तर पर काफी सराहना की जा रही है।

अनिल की रिपोर्ट