Patna Ram Krishna Nagar Police Station: घूस लेने और मारपीट के आरोप में दारोगा लाइन हाजिर, SIT गठित
पटना के रामकृष्णानगर थाने का वीडियो वायरल होने के बाद SP ईस्ट ने बड़ी कार्रवाई की है। मारपीट और वसूली के आरोप में को लाइन हाजिर कर SDPO-2 के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई है।
राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाने से जुड़ा एक मामला सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। हाल ही में एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें रामकृष्णानगर थाना के पुलिस दीदी थप्पड़ काण्ड के आईओ (Investment Officer ) दारोगा सौरव पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, आरोप यह भी है कि पुलिस कर्मी ने उक्त व्यक्ति से अवैध रूप से पैसे (रिश्वत) लेकर उसे छोड़ा। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली और पारदर्शिता पर सवाल उठने लगे थे।
नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) का कड़ा रुख, जारी की प्रेस विज्ञप्ति
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी), पटना के कार्यालय द्वारा एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई। पुलिस प्रशासन ने साफ किया कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार या अनुशासनात्मक उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उच्च अधिकारियों ने वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों को बेहद गंभीरता से लिया है और मामले की निष्पक्ष जांच के आदेश जारी कर दिए।
SDPO-2 सदर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन
जारी विज्ञप्ति के अनुसार, वायरल वीडियो की सच्चाई और आरोपों की तह तक पहुंचने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 (SDPO-2), सदर, पटना के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट (प्रतिवेदन) प्राप्त होते ही आरोपी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों के विरुद्ध आगे की कड़ी कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी पुलिसकर्मी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर, अनुशासनिक कार्रवाई शुरू
आरोपों की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने त्वरित एक्शन लिया है। संबंधित पुलिस पदाधिकारी/कर्मी के विरुद्ध प्राथमिक अनुशासनिक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई से पटना पुलिस ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि कानून का उल्लंघन करने वाले चाहे आम नागरिक हों या पुलिसकर्मी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
पटना से अनिल की रिपोर्ट