पटना में 20 बीघा जमीन का फर्जी मालिक बनकर 3.60 करोड़ का चूना, SK पुरी थाने में FIR

Patna Crime News: पटना में पाटलिपुत्र जंक्शन के पास 20 बीघा जमीन पर बहुमंजिली इमारत बनाने का झांसा देकर प्रमोटर से 3.60 करोड़ रुपये की ठगी की गई। फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह के खिलाफ SK पुरी थाने में FIR दर्ज।

पटना में रियल एस्टेट प्रमोटर से 3.60 करोड़ की बड़ी ठगी FIR दर्ज - फोटो : news 4 nation AI

राजधानी पटना में जमीन का विकास कर उस पर बहुमंजिली इमारत बनाने का झांसा देकर एक रियल एस्टेट प्रमोटर से 3.60 करोड़ रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। सोनपुर निवासी पीड़ित प्रमोटर दिनेश कुमार सिंह की शिकायत पर पटना के श्रीकृष्णापुरी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस फर्जीवाड़े में भारती, मुन्नी देवी, मोहित, विकास, अनु कुमार समेत कई अन्य लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है।


फर्जी आधार-पैन और जाली दस्तावेजों से बिछाया ठगी का जाल

पीड़ित दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, मुख्य आरोपी भारती ने अपने गिरोह के साथ मिलकर फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और जमीन के जाली कागजात तैयार किए थे। आरोपियों ने पाटलिपुत्र जंक्शन के पास स्थित करीब 20 बीघा जमीन को अपने रिश्तेदारों का बताकर वहां बहुमंजिली इमारत बनाने का प्रस्ताव दिया। इसके बाद फर्जी मालिकों से मुलाकात कराकर 4 करोड़ रुपये की नॉन-एडजस्टेबल राशि का समझौता किया गया, जिसके एवज में पीड़ित ने अलग-अलग किस्तों में 3.60 करोड़ रुपये दे दिए।


जमीन की नापी और कब्जे के समय शुरू हुई टालमटोल

3.60 करोड़ रुपये का भुगतान प्राप्त करने के बाद जब प्रमोटर ने जमीन की नापी कराने और उस पर भौतिक कब्जा देने की मांग की, तो आरोपी मामले को टालने लगे। लगातार टालमटोल से परेशान होकर जब पीड़ित ने अपने स्तर पर जमीन और कथित मालिकों की जांच-पड़ताल की, तो खुलासा हुआ कि जिन लोगों को जमीन का मालिक बताकर उनसे मुलाकात कराई गई थी, वे सभी फर्जी लोग थे।


संगठित गिरोह बनाकर ठगी का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

शिकायतकर्ता का आरोप है कि भारती और उसके सहयोगी एक संगठित गिरोह के रूप में काम करते हैं, जो जाली दस्तावेज तैयार कर लोगों को जमीन विकास के नाम पर करोड़ों का चूना लगाते हैं। श्रीकृष्णापुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि करते हुए बताया कि बैंक लेनदेन, जाली कागजातों और सभी नामजद आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच की जा रही है।