पटना फायरिंग केस: रूपसपुर गोलीबारी के बाद फरार पीड़िता के मंगेतर गब्बर को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पटना के रूपसपुर (विजय नगर) में रविवार देर रात लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े विवाद में अंधाधुंध गोलीबारी हुई थी। घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और पीड़िता के मंगेतर राहुल उर्फ गब्बर को रूपसपुर पुलिस ने किया गिरफतार, पुछताछ जारी
पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत विजय नगर में रविवार देर कथित तौर पर रात लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े एक विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान दोनों तरफ से कई राउंड अंधाधुंध गोलीबारी की गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इस घटना में मुस्कान कुमारी और आरा निवासी विनायक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
मंगेतर राहुल उर्फ गब्बर गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी और पीड़िता के बकौल मंगेतर राहुल उर्फ गब्बर को रूपसपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे अस्पताल के समीप से दबोचा। पुलिस गिरफ्तार राहुल उर्फ गब्बर से घटना के कारणों और फायरिंग में शामिल अन्य लोगो और हथियार को लेकर सघन पूछताछ कर रही है।
फर्दबयान में हुआ खुलासा: हाथापाई के बीच चली थी गोली
गोलीबारी की घटना में घायल मुस्कान कुमारी (24 वर्ष, पिता- रघुवेन्द्र कुमार) का अस्पताल में फर्दबयान दर्ज कर लिया गया है। रूपसपुर थाने की महिला सब-इंस्पेक्टर नीतू कुमारी ने अटलांटिस अस्पताल में पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज किया। फर्दबयान में मुस्कान ने घटना का सिलसिलेवार ब्यौरा देते हुए खुलासा किया है कि गोलीबारी की यह वारदात मंगेतर और दोस्त के बीच हुई बहस और हाथापाई के दौरान हुई।
किसी अन्य लड़की को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पीड़िता मुस्कान के अनुसार, 19 जुलाई की रात करीब 10:10 बजे उसने अपने दोस्त विनायक सिंह को फोन किया था, जहां फ्रूटी नाम की लड़की को लेकर बात हुई। इसके बाद रात 11:26 बजे मुस्कान ने अपने मंगेतर राहुल उर्फ गब्बर को फोन कर नीचे आने को कहा, लेकिन राहुल ने मना कर दिया। कुछ देर बाद विनायक अपनी स्कार्पियो गाड़ी से अपने दोस्तों कान्हा और प्रिंस तथा फ्रूटी के साथ वहां पहुंचा और मुस्कान को नीचे आने को कहा। जब मुस्कान गाड़ी की बीच वाली सीट पर बैठकर बात कर रही थी, तभी विनायक ने गाड़ी आगे बढ़ा दी। रोकने के लिए जब मंगेतर राहुल नीचे आया, तो दोनों में बहस हो गई।
फ्लैट में हाथापाई के दौरान हथियार छीनने की कोशिश
मुस्कान द्वारा समझाए जाने के बाद राहुल ऊपर अपने फ्लैट में चला गया, लेकिन विनायक गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद विनायक जबरन फ्लैट में घुसा और राहुल के साथ हाथापाई करने लगा। विनायक के साथी काल्हा और प्रिंस भी ऊपर पहुंच गए। इसी बीच नीचे से फायरिंग की आवाज सुनकर जब मुस्कान ऊपर पहुंची, तो देखा कि विनायक सिंह और राहुल उर्फ गब्बर के बीच हथियार (पिस्तौल) छीनने को लेकर छीना-झपटी हो रही थी।
बीच-बचाव के दौरान लगी गोली, पुलिस जांच में जुटी
विनायक ने जब राहुल को मुक्के से धक्का दिया, तो मुस्कान बीच-बचाव करने के लिए आगे बढ़ी। इसी दौरान चली गोली मुस्कान की पीठ के निचले हिस्से (बाईं तरफ) में लगी और पेट की तरफ से आर-पार हो गई। गोली लगते ही मुस्कान बेहोश हो गई। होश आने पर उसने देखा कि विनायक और उसके अन्य साथी वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद मंगेतर राहुल और प्रिंस उसे इलाज के लिए अटलांटिस अस्पताल लेकर पहुंचे। पुलिस ने पीड़िता के इस फर्दबयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
डीएसपी का बयान: बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अजीत कुमार ने बताया कि घटना की मुख्य वजह लिव-इन रिलेशनशिप और आपसी रंजिश है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पीड़िता का आधिकारिक बयान दर्ज कर लिया है। डीएसपी ने स्पष्ट किया कि मामले में शामिल बाकी फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को कानून के शिकंजे में ले लिया जाएगा।