Patna Crime News:डेढ़ साल की पहचान का खौफनाक अंत: पटना में IGIMS के डेटा ऑपरेटर ने युवती को चाकू से गोदा
पटना में SSC की तैयारी कर रही छात्रा पर चाकू से हमला हुआ है। लड़की की उम्र 26 साल है। उसने पुलिस को बताया कि गुरुवार देर रात को बॉयफ्रेंड ने उसे मिलने के लिए बुलाया था।
राजधानी पटना में एक बार फिर एकतरफा या आपसी विवाद में युवती पर जानलेवा हमले का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के मछली गली इलाके में एक युवक ने करीब डेढ़ साल पुरानी जान पहचान वाली युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और लहूलुहान स्थिति में युवती को इलाज के लिए आईजीआईएमएस (IGIMS) अस्पताल में भर्ती कराया। हमले घायल युवती पटना में SSC की तैयारी कर रही है।
सचिवालय डीएसपी ने दी जानकारी, खतरे से बाहर है युवती
मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिवालय डीएसपी-2 साकेत कुमार ने घटना स्थल और अस्पताल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि घायल युवती को समय पर चिकित्सा मिल जाने के कारण फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। पुलिस ने अस्पताल में ही पीड़ित युवती का बयान दर्ज किया है। घायल युवती द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर शास्त्री नगर थाने में आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है।
IGIMS का डेटा ऑपरेटर है आरोपी मनीष कुमार
युवती पर चाकू से वार करने वाले आरोपी युवक की पहचान मनीष कुमार के रूप में हुई है, जो पटना के आईजीआईएमएस (IGIMS) अस्पताल में ही डेटा ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। पुलिस जांच और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती पटना में रहकर जनरल कॉम्पिटिशन (प्रतियोगी परीक्षाओं) की तैयारी करती है। इसी दौरान करीब डेढ़ साल पहले उसकी पहचान मनीष से हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत और मिलना-जुलना शुरू हुआ था।
सब्जी काटने वाले चाकू से किया हमला, आरोपी फरार
कहा जा रहा है कि डेढ़ साल का यह रिश्ता अचानक चाकू की धार के साथ खौफनाक मोड़ पर खत्म हुआ। घटना वाले दिन दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिससे आक्रोशित होकर आरोपी मनीष ने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से युवती पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मनीष कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
रिपोर्ट: अनिल, पटना