Patna Student Protest: पटना में छात्रों के आंदोलन से माहैल गर्म, गांधी मैदान से CM हाउस तक पुलिस छावनी में तब्दिल

Patna Student Protest: पटना में आज छात्रों के आंदोलन को लेकर राजधानी का माहौल गरम है। ...

पटना का माहौल गर्म- फोटो : social Media

Patna Student Protest: पटना में आज छात्रों के आंदोलन को लेकर राजधानी का माहौल गरम है। गर्दनीबाग धरना स्थल पर कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्र अब सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं। छात्रों ने गांधी मैदान स्थित जेपी गोलंबर से मार्च निकालकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने का ऐलान किया है। आंदोलन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने भी कमर कस ली है और राजधानी में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।

गर्दनीबाग में लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन ने अब नया मोड़ ले लिया है। आज छात्रों का जत्था धरना स्थल से बाहर निकलकर राजधानी के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करेगा। इससे शहर में यातायात व्यवस्था पर भी असर पड़ने की आशंका है।

जेपी गोलंबर से निकलेगा छात्रों का मार्च

छात्रों के मुताबिक आंदोलन की शुरुआत गांधी मैदान के जेपी गोलंबर से होगी। यहां से बड़ी संख्या में छात्र मार्च करते हुए मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ेंगे। छात्रों का मकसद अपनी मांगों को सरकार तक सीधे पहुंचाना और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना है।आंदोलन के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। गांधी मैदान, जेपी गोलंबर, डाकबंगला और मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की तैयारी है। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

सड़कों पर पुलिस का पहरा, छात्रों का तेवर बरकरार

छात्रों के मार्च को देखते हुए पुलिस किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद है। राजधानी की सड़कों पर सुरक्षा बल की मौजूदगी बढ़ने से साफ है कि प्रशासन आंदोलन को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।दूसरी तरफ छात्र भी अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। कई दिनों से गर्दनीबाग में डेरा डाले छात्रों ने अब आंदोलन को सड़क तक ले जाने का फैसला किया है। ऐसे में आज पटना की सड़कों पर छात्रों का हुजूम बनाम पुलिस का पहरा देखने को मिल सकता है।

ट्रैफिक पर भी पड़ेगा असर

गांधी मैदान से मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च निकलने की वजह से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। आम लोगों को भी आज राजधानी में निकलने से पहले रूट और ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी लेने की जरूरत है।फिलहाल निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि छात्रों का मार्च किस तरह आगे बढ़ता है और प्रशासन आंदोलनकारियों को मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने की अनुमति देता है या नहीं। गर्दनीबाग से शुरू हुआ छात्र आक्रोश अब पटना की सड़कों तक पहुंच चुका है आज राजधानी में आंदोलन की असली तस्वीर सामने आएगी।

रिपोर्ट- अभिजीत सिंह