Patna Crime: पटना में शटर काटकर लाखों की चोरी, 7 किलो चांदी और 5 लाख कैश किया साफ
Patna Crime: पटना के बोरिंग कैनाल रोड स्थित दुकान में चोरों ने शटर काटकर 7 किलो चांदी और 5 लाख कैश चोरी किया, घटना CCTV में कैद।
Patna Crime: बिहार की राजधानी पटना में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक दुकान का शटर काटकर करीब 7 किलो चांदी और 5 लाख रुपये कैश चोरी कर लिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।जानकारी के मुताबिक, यह घटना पटना के बोरिंग कैनाल रोड स्थित ‘सोना दो पैसा लो’ नाम की दुकान में हुई। देर रात दो चोर दुकान पर पहुंचे और शटर काटकर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने दुकान में रखी तिजोरी ही उठा ली और फरार हो गए।
दुकान मालिक आशीष ने बताया कि घटना रात करीब 2:39 बजे की है। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश चोर दुकान के अंदर जाते दिखाई दे रहे हैं। चोरों ने पहले दुकान के बाहर लगे कैमरों का रुख दूसरी तरफ घुमा दिया, ताकि उनकी हरकतें साफ रिकॉर्ड न हो सकें।इसके बाद दोनों चोर दुकान के अंदर रखी तिजोरी लेकर भाग गए। मालिक के अनुसार, तिजोरी में करीब 7 किलो चांदी और 5 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
दुकान खुली तो चोरी की जानकारी मिली
सुबह जब दुकान खुली तो चोरी की जानकारी मिली। घटना की सूचना मिलते ही बुद्धा कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों के कैमरों की भी जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।