Patna To Dubai Flight: मिडिल ईस्ट जंग के बीच यात्रियों की बढ़ी परेशानी! पटना-दुबई फ्लाइट टिकट 1 लाख के पार
Patna To Dubai Flight: पटना से खाड़ी देशों की फ्लाइट टिकट की भारी कमी देखने को मिल रहा है। इस दौरान दुबई-कतर के किराए में कई गुना बढ़ोतरी देखी गई है।
Patna To Dubai Flight: खाड़ी देशों में चल रहे तनाव का असर अभी भी हवाई यात्रा पर साफ दिखाई दे रहा है। एक महीना बीत जाने के बाद भी Patna से खाड़ी देशों की यात्रा करने वाले लोगों को फ्लाइट टिकट आसानी से नहीं मिल पा रही है। खासकर फरवरी में खाड़ी देशों से लौटे यात्रियों के लिए वापस जाना बहुत मुश्किल हो गया है। दुबई, कतर और बहरीन जैसे बड़े गंतव्यों के लिए पटना से कनेक्टिंग फ्लाइट की कमी बनी हुई है।
ज्यादातर एयरलाइंस अब 10 अप्रैल के बाद की ही टिकट दे रही हैं और उसमें भी प्राथमिकता उन यात्रियों को दी जा रही है, जिनकी पहले से बुकिंग थी। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस मुंबई, हैदराबाद और चेन्नई के रास्ते दुबई के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट दे रहे हैं, लेकिन इन उड़ानों के संचालन को लेकर भी पूरी तरह भरोसा नहीं है। वहीं इंडिगो की तरफ से भी 10 अप्रैल के बाद की ही टिकट मिल रही है। एयरलाइंस अब लंबे रूट से उड़ान भर रही हैं, जिससे यात्रा का समय बढ़ गया है और किराया भी काफी महंगा हो गया है।
पटना से मुंबई के रास्ते दुबई जाने का किराया
इसका सबसे ज्यादा असर नौकरी करने वाले लोगों पर पड़ा है, जो खाड़ी देशों में काम करते हैं। टिकट की कमी के कारण किराया कई गुना तक बढ़ गया है। पहले पटना से मुंबई के रास्ते दुबई जाने का किराया करीब 20 से 22 हजार रुपये होता था, लेकिन अब यही किराया बढ़कर 60 हजार से 1 लाख रुपये तक पहुंच गया है। पटना से इंडिगो की दुबई जाने वाली कनेक्टिंग फ्लाइट का किराया करीब 59 हजार रुपये और ओमान जाने का किराया लगभग 60 हजार रुपये हो गया है। इसके अलावा सऊदी अरब जाने वाली फ्लाइट में 4 अप्रैल तक सभी सीटें पहले ही बुक हो चुकी हैं। एयरलाइंस की वेबसाइट पर ज्यादातर फ्लाइट “सोल्ड आउट” दिखाई दे रही हैं। ऐसे में मौजूदा हालात में खाड़ी देशों की यात्रा करना यात्रियों, खासकर नौकरी करने वाले लोगों के लिए काफी मुश्किल और महंगा हो गया है।