Patna Municipal Corporation: दूधिया रोशनी से नहाएगी राजधानी, पटना के हर वार्ड में लगेंगी नई स्ट्रीट लाइटें,शिकायत के लिए इस नंबर पर करें कॉल

Patna Municipal Corporation: पटना का हर इलाका जगमग रौशनी से नहाएगा। त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले ही बिहार की राजधानी पटना में अभूतपूर्व रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है। ...

Patna Municipal Corporation: राजधानी पटना का हर इलाका जगमग रौशनी से नहाएगा। त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले ही बिहार की राजधानी पटना में अभूतपूर्व रोशनी का इंतजाम किया जा रहा है। नगर निगम ने शहर की प्रकाश व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और बेमिसाल बनाने का एक व्यापक फैसला लिया है। इस ऐतिहासिक कदम के तहत, नगर निगम क्षेत्र के सभी 75 वार्डों में कुल 7,500 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे शहर का कोना-कोना दूधिया रोशनी से जगमगा उठेगा।

हर वार्ड में रोशन होंगी गलियां और मुख्य सड़कें

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि हर वार्ड में कम से कम 100-100 नई स्ट्रीट लाइट लगाई जाएं। इन लाइटों के लगने से न केवल शहर की मुख्य सड़कों पर आवागमन सुगम होगा, बल्कि अंदरूनी गलियों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो सकेगी।स्थानों के चयन में पूरी पारदर्शिता बरती गई है। संबंधित वार्ड पार्षदों से मिले सुझावों और नगर निगम द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे के आधार पर उन इलाकों को प्राथमिकता सूची में रखा गया है, जहां अंधेरे की समस्या सबसे अधिक थी।

दुरुस्त हो रहा पुराना सिस्टम और शिकायतों का समाधान

सिर्फ नई लाइटें ही नहीं लगाई जा रही हैं, बल्कि शहर में पहले से मौजूद खराब लाइटों की मरम्मत का काम भी युद्ध स्तर पर जारी है।इसके लिए तीन-तीन सदस्यों वाली 26 विशेष टीमें शहर के विभिन्न इलाकों में तैनात की गई हैं।ये टीमें बंद पड़ी लाइटों के स्विच, वायरिंग और अन्य तकनीकी खामियों को तुरंत दूर कर रही हैं।

जिन लाइटों की मरम्मत मुमकिन नहीं है, उन्हें बदलकर नई सुविधाजनक लाइटें लगाई जा रही हैं।यदि आपके इलाके में भी स्ट्रीट लाइट खराब है, तो आप टोल फ्री नंबर 155304 या वॉट्सऐप चैटबॉट 9264447449 पर मुफ्त में अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।