पटना ट्रैफिक एडवाइजरी: 21 नवंबर को वैशाली कार्यक्रम को लेकर बदली यातायात व्यवस्था, जानें वैकल्पिक मार्ग

21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री के वैशाली जिला अंतर्गत कार्यक्रम को लेकर पटना यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 20 नवंबर की रात 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक कच्ची दरगाह 6 लेन मार्ग पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी।

पीएम मोदी के वैशाली दौरे को लेकर पटना ट्रैफिक एडवाइजरी जारी- फोटो : Reporter

प्रधानमंत्री के वैशाली जिला अंतर्गत परिभ्रमण कार्यक्रम को लेकर पटना यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इस अवसर पर अतिविशिष्ट व विशिष्ट महानुभावों, अन्य अतिथियों और लाखों की संख्या में आमजनों के पहुंचने की संभावना जताई गई है। पटना जिला अंतर्गत यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए विशेष यातायात व्यवस्था व प्रतिबंध लागू किए गए हैं। 


भारी व व्यावसायिक वाहनों पर प्रतिबंध और लेन व्यवस्था


जारी एडवाइजरी के अनुसार, 20.11.2026 की रात्रि 10 बजे से 21.11.2026 को कार्यक्रम समाप्ति तथा कार्यक्रम में आए सभी वाहनों के सुरक्षित निकलने तक कच्ची दरगाह 6 लेन से बनारसी चौक (वैशाली) के लिए भारी व व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, कच्ची दरगाह की तरफ से कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों के लिए 20.11.2026 की रात्रि 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह 6 लेन पुल ऊपर पश्चिमी लेन में सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम में जाने वाले वाहनों का संचालन दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह पुल नीचे से विपरीत दिशा रैंप होकर पूर्वी लेन से कार्यक्रम स्थल तक निर्धारित कार्यक्रम के पूर्व तक किया जा सकेगा।  


गांधी सेतु और जेपी सेतु से वैकल्पिक मार्ग


कार्यक्रम में सम्मिलित होने वाले निजी व छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए गए हैं। इसके तहत पटना से गांधी सेतु मार्ग और पटना से जेपी सेतु मार्ग से निजी व छोटे वाहन जा सकेंगे। प्रशासन ने यातायात को सुचारू रखने के लिए इन वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की व्यवस्था दी है।  


आमजनों से सहयोग की अपील और हेल्पलाइन नंबर


पटना यातायात पुलिस ने आम लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। कार्यक्रम अवधि में असुविधा से बचने के लिए हवाई अड्डा, शहीद पीरअली मार्ग, हार्डिंग रोड, अटल पथ, दीघा गोलंबर और जेपी गंगा पथ वाले मार्ग को छोड़कर अशोक राजपथ या बेली रोड आदि अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का अनुरोध किया गया है। अधिक जानकारी के लिए आमजन पटना यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 0612-2219151 और 9470630615 पर संपर्क कर सकते हैं। 

पटना से रंजीत की रिपोर्ट