छठ महापर्व को लेकर पटना ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया रूट प्लान, 15 और 16 नवंबर को इन प्रमुख सड़कों पर रहेगी 'नो एंट्री'

छठ महापर्व को लेकर पटना ट्रैफिक पुलिस ने प्लान जारी किया रूट किया है। पटना के अशोक राजपथ समेत कई मुख्य मार्गों पर 15 और 16 नवंबर को वाहनों की आवाजाही बंद रहेंगी। हालांकि आपातकालीन सेवाओं इससे अलग रखा गया है.....

छठ महापर्व को लेकर ट्रैफिक रूट प्लान जारी- फोटो : रंजीत कुमार

Patna : लोक आस्था के महाकुंभ छठ पर्व के दौरान राजधानी पटना में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और छठव्रतियों की अपार भीड़ को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक यातायात प्लान (Traffic Plan) जारी किया है। श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर शहर की कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों के परिचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। हालांकि, एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक व आपातकालीन वाहनों को इस नो-एंट्री व्यवस्था से पूरी तरह मुक्त रखा गया है।


15 और 16 नवंबर को प्रभावी रहेगा रूट डायवर्जन, अशोक राजपथ पर रहेगा सबसे बड़ा प्रतिबंध

जारी ट्रैफिक व्यवस्था के अनुसार, 15 नवंबर की दोपहर 12 बजे से स्थिति सामान्य होने तक तथा 16 नवंबर की तड़के सुबह 2 बजे से अर्घ्य के बाद ट्रैफिक सामान्य होने तक यह विशेष प्लान लागू रहेगा। सबसे सख्त पाबंदी अशोक राजपथ पर लगाई गई है, जहाँ कारगिल चौक से दीदारगंज तक किसी भी प्रकार के सामान्य वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और सभी सहायक प्रवेश मार्गों को ब्लॉक रखा जाएगा। केवल निर्धारित पास वाले छठव्रतियों के वाहनों को ही पटना कॉलेज एवं पटना साइंस कॉलेज परिसर में पार्किंग के लिए जाने की अनुमति होगी।


दीघा मोड़ से आशियाना मार्ग पर बदलाव, गांधी मैदान और गायघाट की तरफ जाने वाले रास्ते डायवर्ट

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ की ओर उत्तर से दक्षिण दिशा में सामान्य गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी और वाहनों को रामजीचक मोड़ होकर वैकल्पिक रास्तों से भेजा जाएगा। इसके अलावा, गांधी मैदान से अशोक राजपथ की तरफ जाने वाले वाहनों को रोककर पुरानी और न्यू बाईपास की तरफ मोड़ा जाएगा। वहीं, गायघाट पुल के नीचे से ऑटो व व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा; धनुकी मोड़ से आने वाले ऑटो को डंका इमली तक ही आने दिया जाएगा।


प्रमुख गंगा घाटों के समीप बनाए गए विशेष पार्किंग स्थल, रेलवे स्टेशन और आरओबी पर भी व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न इलाकों में पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। कंगन घाट और चौक थाना मोड़ जाने वाले वाहनों के लिए सिटी स्कूल के समीप तथा चौक शिकारपुर आरओबी से आगे आने वाली गाड़ियों को गुरु गोविंद सिंह आरओबी के नीचे व पटना साहिब स्टेशन के पास पार्क कराया जाएगा। इसके अलावा कटरा बाजार समिति परिसर, हथिया बागान, लोहा गोदाम, मृदुला हॉस्पिटल और मालसलामी गंगा पथ के पास भी विशेष पार्किंग बनाई गई है।


ट्रैफिक पुलिस की अपील: वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल, निर्देशों का करें पालन

पटना ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ घाटों के लिए निकलने से पहले जारी पार्किंग व्यवस्था और रूट चार्ट की पूरी जानकारी जरूर ले लें। पुलिस ने चालकों को महात्मा गांधी सेतु, बेली रोड और न्यू बाईपास जैसे वैकल्पिक मार्गों का अधिक से अधिक उपयोग करने की सलाह दी है। महापर्व के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू और सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी प्रमुख मोड़ों और घाटों के पहुंच मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।


रंजीत की रिपोर्ट