PU चुनाव LIVE: शांतनु शेखर की 'प्रचंड' आंधी, अध्यक्ष पद पर NSUI की एकतरफा बढ़त, विरोधियों का सूपड़ा साफ!

पटना विश्वविद्यालय चुनाव के तीसरे राउंड में NSUI के शांतनु शेखर ने रिकॉर्ड तोड़ बढ़त बना ली है। अध्यक्ष पद पर बाकी उम्मीदवार कोसों दूर नजर आ रहे हैं, वहीं अन्य पदों पर कांटे की टक्कर जारी है।

Patna - पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव (PUCSU) की मतगणना के तीसरे राउंड के बाद अध्यक्ष पद की तस्वीर लगभग साफ होती दिख रही है। NSUI के शांतनु शेखर 1425 वोट लेकर सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रिंस कुमार (648 वोट) को दोगुने से भी ज्यादा वोटों के अंतर से पीछे छोड़ दिया है। विद्यार्थी परिषद की अनुष्का 469 वोटों के साथ तीसरे और निर्दलीय रिंकल 252 वोटों के साथ चौथे नंबर पर संघर्ष कर रहे हैं। 

महासचिव और उपाध्यक्ष पद पर रोमांच बरकरार

महासचिव पद के लिए दूसरे राउंड के बाद खुशी कुमारी 796 वोटों के साथ मजबूती से आगे बढ़ रही हैं, जबकि प्रत्यूष राज 556 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। अदिति कुमारी को अब तक 302 वोट मिले हैं। वहीं, उपाध्यक्ष पद की रेस में सिफत फैज 677 वोटों के साथ बढ़त बनाए हुए हैं, जिनका मुकाबला आयुष हर्ष (523 वोट) से चल रहा है। इन पदों पर अभी भी उलटफेर की गुंजाइश बनी हुई है। 

संयुक्त सचिव पद पर अभिषेक की 'जंग' जारी

संयुक्त सचिव पद के लिए तीन राउंड की लंबी गिनती के बाद अभिषेक कुमार 1085 वोट लेकर फ्रंट फुट पर हैं। हालांकि, मोहम्मद मुनव्वर आजम (949 वोट) उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं। बुलबुल कुमारी 748 वोटों के साथ तीसरे पायदान पर बनी हुई हैं। कैंपस में समर्थकों के बीच हर राउंड की गिनती के साथ धड़कनें तेज होती जा रही हैं। 

कोषाध्यक्ष पद: वोटों के गणित में उलझा मुकाबला

कोषाध्यक्ष पद के लिए दूसरे चरण की मतगणना के बाद त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है। हर्षवर्धन 543 वोटों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि अभिषेक कुमार 493 वोट और सोफिया रहमान 475 वोटों के साथ बिल्कुल करीब हैं। वोटों का मामूली अंतर किसी भी वक्त नतीजों को पलट सकता है। प्रशासन ने इनवेलिड वोटों (महासचिव पद पर 185) को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी है।

Report - Narrottam kumar