Patna Vigilance Department: बिहार पुलिस के सिपाही 1.45 करोड़ की संपत्ति पर सरकार का होगा कब्जा,पटना से लेकर जहानाबाद तक की संपति अटैच
Patna Vigilance Department: पटना सिविल कोर्ट की निगरानी विशेष अदालत ने पूर्व सिपाही शशि भूषण कुमार की 1.45 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति राजसात करने का आदेश दिया है। संपत्ति में दो बैंक्वेट हॉल, 13 प्लॉट और बैंक जमा राशि शामिल है।
Patna Vigilance Department: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के तहत पटना सिविल कोर्ट स्थित निगरानी की विशेष अदालत ने निगरानी विभाग के पूर्व सिपाही शशि भूषण कुमार की 1 करोड़ 45 लाख 36 हजार 760 रुपये की संपत्ति राजसात करने का आदेश दिया है। अदालत ने पूर्व सिपाही को एक महीने के भीतर पूरी संपत्ति सरकार को सौंपने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में संपत्ति नहीं सौंपने पर संबंधित जिलाधिकारी (डीएम) कानून के अनुसार कार्रवाई करते हुए उसे राजसात करेंगे।
यह आदेश बिहार विशेष न्यायालय अधिनियम के तहत निगरानी के विशेष प्राधिकृत पदाधिकारी एवं न्यायाधीश बृजेश कुमार पाठक ने जारी किया है। मामले में निगरानी विभाग की ओर से विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार ने अदालत में पक्ष रखा।
2019 में दर्ज हुआ था आय से अधिक संपत्ति का मामला
विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार के अनुसार, निगरानी विभाग ने वर्ष 2019 में शशि भूषण कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान उनकी संपत्ति का ब्योरा सामने आया। आरोप है कि पूर्व सिपाही ने अवैध तरीके से अर्जित धन को अपने साथ-साथ अपनी दो पत्नियों और तीन भाइयों के नाम पर भी जमा किया था। निगरानी विभाग की कार्रवाई के बाद अब अदालत ने कुल 1,45,36,760 रुपये की संपत्ति राजसात करने का आदेश दिया है।
दो बैंक्वेट हॉल और 13 प्लॉट होंगे राजसात
राजसात की जाने वाली संपत्तियों में पटना के विग्रहपुर स्थित दो बैंक्वेट हॉल शामिल हैं। इसके अलावा पटना और जहानाबाद में मौजूद कुल 13 भूखंडों को भी इस कार्रवाई के दायरे में रखा गया है। बैंक खातों में जमा राशि भी राजसात होने वाली संपत्तियों में शामिल है। इस तरह पूर्व सिपाही और उनके परिजनों के नाम पर अर्जित बताई गई अचल और वित्तीय संपत्तियों को सरकार के पक्ष में राजसात करने का आदेश दिया गया है।
एक महीने में संपत्ति सरकार को सौंपने का निर्देश
विशेष अदालत ने शशि भूषण कुमार को आदेश दिया है कि वह एक महीने के भीतर पूरी संपत्ति सरकार को सौंप दें। यदि तय समयसीमा में ऐसा नहीं किया जाता है, तो संबंधित जिलाधिकारी विधि सम्मत प्रक्रिया अपनाते हुए संपत्ति राजसात करने की कार्रवाई करेंगे। अदालत के इस आदेश के बाद अब निगरानी विभाग और जिला प्रशासन की अगली कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।