Patna Water Metro: छठ पूजा पर पटना में गंगा पर दौड़ी वाटर मेट्रो, लोगों ने शुरुआत को बताया शानदार पहल, कहा- इससे बदलेगा गंगा में सफर का अंदाज

Patna Water Metro: राजधानीवासियों को छठ महापर्व के मौके पर वाटर मेट्रो की बड़ी सौगात मिली है। ...

लोगों ने वाटर मेट्रो की शुरुआत-शानदार पहल- फोटो : IPRD

Patna Water Metro: राजधानीवासियों को छठ महापर्व के मौके पर वाटर मेट्रो की बड़ी सौगात मिली है। पटना में अब गंगा की लहरों पर सफर का अंदाज बदलने जा रहा है।  मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीघा घाट से कंगन घाट तक चलने वाली अत्याधुनिक कैटामरान वेसल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई सेवा के शुरू होने से न केवल गंगा पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, बल्कि सड़क पर लगने वाले जाम से परेशान लोगों को आवागमन का एक नया विकल्प भी मिलेगा।

पटना में वाटर मेट्रो की शुरुआत को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। पटना के स्थानीय निवासी और लेखक संजय सिंह का कहना है कि छठ महापर्व के दौरान जब गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, उस समय आधुनिक बोट का संचालन आकर्षण का केंद्र बन सकता है। इससे गंगा पर्यटन को नई पहचान मिलेगी और जल परिवहन का बेहतर नेटवर्क तैयार करने में मदद मिलेगी।शुरुआती चरण में वाटर मेट्रो सेवा दीघा घाट से गांधी घाट के बीच संचालित की जा रही है। आगे इसे कंगन घाट तक विस्तारित करने की योजना है। प्रस्तावित करीब 12 किलोमीटर के मार्ग पर दीघा घाट, गांधी घाट, गायघाट और कंगन घाट प्रमुख पड़ाव होंगे। इस सेवा से पश्चिमी पटना और पूर्वी पटना के बीच गंगा के रास्ते संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।

इस परियोजना को लेकर आम लोगों में भी उत्साह है। 'गया जंक्शन' पुस्तक के लेखक अतुल कुमार कश्यप इसे बिहार में पर्यटन और जल परिवहन के क्षेत्र में नई शुरुआत बताते हैं। उनका कहना है कि गंगा के रास्ते आवागमन आसान होने के साथ धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी सुविधाजनक होगी।

पटना विश्वविद्यालय के छात्र विमलेंदु सिंह के मुताबिक, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण के अनुकूल इस सेवा से शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिल सकती है। वहीं स्थानीय निवासी अमित पांडे का मानना है कि छठ के दौरान वाटर मेट्रो पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण बनेगी।

75 से 100 यात्रियों की क्षमता, आधुनिक सुविधाओं से लैस

इस सेवा के लिए एमवी गोमधार कुंवर नामक इलेक्ट्रिक हाइब्रिड कैटामरान बोट का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह बैटरी और बिजली से संचालित होती है। वातानुकूलित इस बोट में एक बार में लगभग 75 से 100 यात्री सफर कर सकते हैं। यात्रियों की सहूलियत के लिए आरामदायक सीटें और गंगा के नजारे देखने के लिए बड़ी कांच की खिड़कियां लगाई गई हैं।सुरक्षा के लिहाज से बोट में सीसीटीवी कैमरे, एलसीडी स्क्रीन और पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध कराए गए हैं। इसकी एक खासियत सुपर चार्जर के जरिए महज 10 से 15 मिनट में चार्ज होने की क्षमता भी बताई गई है। इस पहल के साथ कोच्चि के बाद पटना देश का दूसरा वाटर मेट्रो संचालित करने वाला शहर बन गया है।

50 रुपये में गंगा की सैर, बच्चों को आधा किराया

वाटर मेट्रो में एक छोर से दूसरे छोर तक का सफर लगभग 40 मिनट में पूरा होगा। वयस्क यात्रियों के लिए एक तरफ का किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। पांच साल से कम उम्र के बच्चों का सफर मुफ्त होगा, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों को 25 रुपये किराया देना होगा।सेवा सुबह से शाम तक निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार संचालित होगी। कुल मिलाकर पटना की वाटर मेट्रो परिवहन, पर्यटन और गंगा की खूबसूरती को करीब से महसूस करने का नया जरिया बन सकती है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह सेवा राजधानी की यातायात व्यवस्था और पर्यटन को कितनी नई रफ्तार देती है।