Bihar Diwas 2026 : बिहार दिवस पर कई कार्यक्रमों का होगा आयोजन, शान और सोना मोहापात्रा की धुनों पर झूमेगा पटना
Bihar Diwas 2026 : पटना में बिहार दिवस के मौके पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा. शान और सोना मोहापात्रा की धुनों पर पटना के लोगों को झुमने का मौका मिलेगा........पढ़िए आगे
PATNA : इस वर्ष 22 मार्च को बुद्ध की धरती, मगध सम्राट अशोक का स्वर्णयुग, गुरुगोबिंद सिंह की जन्मस्थली समेत कई गौरवशाली इतिहास का स्थल रहा बिहार 114 वर्ष का हो जायेगा। बिहार सरकार की तरफ से बिहार दिवस के मौके पर अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। ताकि हम बिहारियों को बिहारी होने पर गर्व महसूस हो।
मशहूर गायक होंगे शामिल
बिहार दिवस पर इस वर्ष मशहूर गायक सोना मोहापात्रा, शान व पपोन जैसे गायक अपने कला से प्रदेश के लोगों का मनोरंजन करने आ रहे हैं।। शिक्षा विभाग की तरफ से आयोजित इस कार्यक्रम में और भी कई सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जिसमें लोकगीत, नृत्य, ध्रुपद गायन, समकालीन गीत, नाटक, हास्य कवि सम्मेलन, बिहार दर्पण, मुशायरा समेत अनेक कार्यक्रम सम्मिलित हैं।
प्रेमचंद रंगशाला में होगा पांच दिवसीय महिला नाट्य उत्सव
बता दें कि कला संस्कृति विभाग की तरफ से 22 मार्च से 26 मार्च तक पांच दिवसीय महिला नाट्य उत्सव का आयोजन किया जायेगा। बिहार सरकार की कला संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने कहा कि इस बार बिहार दिवस के मौके पर विभाग की तरफ से खास आयोजन किया जा रहा है। जिसमें 22 मार्च को पारो, 23 मार्च को बिदेसिया, 24 मार्च को फर्क है, 25 मार्च को चारुलता व 26 मार्च को आधे-अधूरे का मंचन किया जायेगा। जिसके लिए राजेंद्र नगर स्थित प्रेमचंद रंगशाला, फ्रेजर रोड स्थित नृत्य कला मंदिर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही है। वहीं इस मौके पर म्युजिक, पेंटिंग के लिए वर्कशॉप का भी आयोजन किया जा रहा है।
गायन के साथ अतिथि उठायेंगे हास्य कविताओं व मुशायरा का आनंद
22 मार्च से 24 मार्च तक चलने वाले इस कार्यक्रम में मशहूर गायक सोना मोहापात्रा 22 मार्च को अपने गायन से जलवा बिखरेंगी। इसके साथ ही तन्हा दिल फेम शान 23 मार्च व 24 मार्च को और पापोन भी अपनी गायिकी से दर्शकों का मनोरंजन करते नजर आयेंगे। यह सभी कार्यक्रम गांधी मैदान स्थित एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों ने यह भी कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम में रुचि रखने वाले अतिथियों के लिए लोक गीत, नृत्य, ध्रुपद गायन, समकालीन गीत, नाटक, हास्य कवि सम्मेलन मुशायरा समेत अनेक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।