Patna Municipal Corporation:स्वच्छता के क्षेत्र में पटना की बड़ी कामयाबी, लगातार तीसरी बार कायम किया ये कीर्तिमान
Patna Municipal Corporation: स्वच्छता के मैदान में पटना ने एक बार फिर अपनी कामयाबी का परचम लहराया है।...
Patna Municipal Corporation: स्वच्छता के मैदान में पटना ने एक बार फिर अपनी कामयाबी का परचम लहराया है। नई दिल्ली में बुधवार को आयोजित 10वें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार समारोह में पटना नगर निगम को ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कर-कमलों से नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, महापौर सीता साहू, उप महापौर रेशमी कुमारी, विभागीय सचिव संदीप पुडकलकट्टी और नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने यह पुरस्कार ग्रहण किया। यह उपलब्धि महज एक सरकारी सम्मान नहीं, बल्कि राजधानी की बदलती तस्वीर और स्वच्छता के प्रति बढ़ती जनभागीदारी का आईना भी है।
इस सम्मान की सबसे खास बात यह रही कि पटना नगर निगम की टीम ने अपने दो सफाई कर्मियों अमरजीत मांझी और रॉकी पासवान को भी इस गौरवपूर्ण अवसर में सहभागी बनाया। अमरजीत मांझी नूतन राजधानी अंचल और रॉकी पासवान अजीमाबाद अंचल में कार्यरत हैं। उनकी मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि शहर की स्वच्छता का असली आधार वे हाथ हैं, जो हर रोज सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने के लिए मेहनत करते हैं। दरअसल, किसी भी शहर की स्वच्छता का मूल्यांकन केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि उन कर्मियों के समर्पण से भी होता है, जो दिन-रात इस जिम्मेदारी को निभाते हैं।
नगर निगम की इस कामयाबी के पीछे घर-घर कचरा संग्रहण की मजबूत व्यवस्था, पुराने कचरे यानी लीगेसी वेस्ट का नियमानुसार निस्तारण, जनशिकायतों का त्वरित समाधान और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लगातार सुधार को अहम वजह माना गया है। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान में आम नागरिकों की बढ़ती भागीदारी ने भी इस मुहिम को नई ताकत दी है। महापौर सीता साहू ने सम्मान को पूरे पटना और यहां के नागरिकों को समर्पित करते हुए कहा कि स्वच्छ भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए निगम की पूरी टीम प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने सफाई कर्मियों, निगमकर्मियों और शहरवासियों को इस सफलता का श्रेय दिया।
उप महापौर रेशमी कुमारी ने भी साफगोई से कहा कि स्वच्छ शहर का निर्माण केवल नगर निगम के भरोसे संभव नहीं है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी अनिवार्य है। वहीं नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने भविष्य की योजनाओं का खाका पेश करते हुए वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट, लीगेसी वेस्ट का पूर्ण निस्तारण, इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम और नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने की बात कही। मोबाइल कोर्ट जैसी पहल भी प्रस्तावित है, जिससे स्वच्छता नियमों के अनुपालन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।
गौरतलब है कि पटना नगर निगम ने लगातार तीन स्वच्छ सर्वेक्षणों में अपनी उपलब्धियों का सिलसिला कायम रखा है। वर्ष 2023 में बिहार में प्रथम स्थान के साथ वाटर प्लस सर्टिफिकेट और एक स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग मिली थी। वर्ष 2024 में तीन स्टार गार्बेज फ्री सिटी रेटिंग और ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर’ का सम्मान हासिल हुआ। अब 2025-26 में ‘स्टेट फर्स्ट स्वच्छ सिटी’ का खिताब इस कामयाबी में एक और कड़ी बन गया है। हालांकि, असली इम्तिहान इस उपलब्धि को बरकरार रखने और शहर के हर मोहल्ले तक स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था पहुंचाने का है। पुरस्कार से मिली यह प्रतिष्ठा तभी सार्थक होगी, जब पटना की सड़कें, नालियां और सार्वजनिक स्थल आने वाले दिनों में भी स्वच्छता की मिसाल पेश करेंगे।