Patna certificate: पटना में हड़ताल का असर, अंचल कार्यालयों में लंबित पड़े सैकड़ों आवेदन

Patna certificate: पटना में अंचल कार्यालयों में हड़ताल के कारण काम ठप हो गया। सैकड़ों आवेदन लंबित, लोगों को प्रमाण पत्र के लिए हो रही परेशानी।

पटना में अंचल कार्यालयों की हड़ताल- फोटो : social media

Patna certificate: पटना में इन दिनों अंचल कार्यालयों की व्यवस्था काफी खराब हो गई है। सीओ (अंचलाधिकारी) और राजस्व कर्मियों की हड़ताल का सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। आय, जाति और आवासीय प्रमाण पत्र जैसे जरूरी काम अटक गए हैं, जिससे लोगों को बार-बार दफ्तर के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। पहले जहां रोज करीब 1000 आवेदन आते थे, अब यह संख्या घटकर 700 से 800 रह गई है। लेकिन परेशानी यह है कि इनमें से सिर्फ 400 से 450 आवेदनों का ही निपटारा हो पा रहा है। बाकी आवेदन लगातार लंबित होते जा रहे हैं, जिससे लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

पटना के अलावा कई जगह दिक्कत

यह समस्या सिर्फ पटना तक सीमित नहीं है। दानापुर, पटना सिटी, मसौढ़ी, धनरूआ और पुनपुन जैसे इलाकों में भी यही हाल है। मसौढ़ी में करीब 1000 आवेदन लंबित हैं, धनरूआ में 1400 से ज्यादा मामले अटके हुए हैं, जबकि पुनपुन में लगभग 900 आवेदन पेंडिंग पड़े हैं। कार्यालय खुले जरूर हैं, लेकिन वहां कामकाज लगभग ठप है और लोग भी कम ही पहुंच रहे हैं। इस बीच हड़ताल का फायदा उठाकर कुछ जगहों पर मनमानी भी बढ़ गई है। जिन लोगों का ‘जुगाड़’ बन रहा है, उनका काम जल्दी हो रहा है, जबकि आम लोग परेशान हो रहे हैं। सीओ की जिम्मेदारी फिलहाल बीडीओ को दी गई है, लेकिन सही तरीके से काम नहीं हो पाने के कारण दाखिल-खारिज जैसे जरूरी काम भी अटके हुए हैं।

दानापुर में स्थिति और खराब

दानापुर में स्थिति और खराब है, जहां तकनीकी समस्या के कारण कई जरूरी काम पूरी तरह बंद पड़े हैं। बताया जा रहा है कि सीओ का डोंगल सक्रिय नहीं होने से परिमार्जन, भू-मापी और एलपीसी जैसे काम नहीं हो पा रहे हैं। आम लोगों की परेशानी भी साफ दिखाई दे रही है। किसी ने 8 दिन पहले आय प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया, तो किसी को 10 दिन बाद भी आवासीय प्रमाण पत्र नहीं मिला। हड़ताल, खराब व्यवस्था और तकनीकी दिक्कतों के कारण लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रशासन इस समस्या का समाधान कब करेगा और लोगों को राहत कब मिलेगी।