Patna Zoo: पटना चिड़ियाघर में विदेशी मेहमान की एंट्री, सिंगापुर से आएंगे दो सिंग वाले सफेद गैंडे, बदलेगा जू का नजारा

Patna Zoo: पटना जू में जल्द ही दर्शकों को नया और दुर्लभ नज़ारा देखने को मिलने वाला है।...

पटना जू में दिखेंगे दो सिंग वाले सफेद गैंडे- फोटो : social Media

Patna Zoo: पटना जू एक बार फिर सुर्खियों में है, जहां जल्द ही दर्शकों को वन्यजीवों की दुनिया का नया और दुर्लभ नज़ारा देखने को मिलने वाला है। दिल्ली और रोहतक के बाद अब सिंगापुर से भी जानवरों के आने की तैयारी तेज हो गई है। इस बार खास आकर्षण होंगे दो सिंग वाले सफेद गैंडे, जो अपनी दुर्लभ प्रजाति के कारण वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ा आकर्षण साबित होंगे।

यह पूरा मामला एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत हो रहा है, जिसके अंतर्गत पटना जू से एक सिंग वाले गैंडों का एक जोड़ा सिंगापुर भेजा जाएगा, जबकि बदले में सिंगापुर से दो सिंग वाले सफेद गैंडे पटना लाए जाएंगे। बताया जा रहा है कि इस संबंध में सिंगापुर जू प्रशासन और बिहार के वन एवं पर्यावरण विभाग के बीच उच्च स्तरीय बातचीत चल रही है।

सबसे दिलचस्प बात यह है कि इन गैंडों को लाने-ले जाने के लिए समुद्री मार्ग का सहारा लिया जाएगा। योजना के मुताबिक गैंडे को जहाज के जरिए सिंगापुर से कोलकाता बंदरगाह तक लाया जाएगा, और वहां से ट्रक के माध्यम से सड़क मार्ग से पटना जू पहुंचाया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि हवाई मार्ग की तुलना में यह तरीका ज्यादा किफायती और व्यावहारिक है, साथ ही जानवरों पर कम तनाव पड़ेगा।

वर्तमान में पटना जू गैंडों की संख्या के मामले में एशिया में पहले स्थान पर और दुनिया में दूसरे स्थान पर माना जाता है। यहां कुल 10 गैंडे हैं, जिनमें 6 मादा और 4 नर शामिल हैं। सबसे छोटा गैंडा भी लगभग पांच वर्ष का है, जो इस आबादी को और मजबूत बनाता है।

वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि विदेशी दो सिंग वाले गैंडों के आने से न केवल जू की जैव विविधता बढ़ेगी, बल्कि दर्शकों के लिए यह अनुभव और भी रोमांचक होगा। एक ओर जहां देसी एक सिंग वाले गैंडे आकर्षण का केंद्र बने रहेंगे, वहीं विदेशी मेहमान गैंडे लोगों की उत्सुकता को और बढ़ाएंगे।पटना जू प्रशासन का मानना है कि यह एक्सचेंज प्रोग्राम न केवल संरक्षण की दिशा में अहम कदम है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सहयोग का भी मजबूत उदाहरण बनेगा।