Pawan Singh: कोर्ट में फिर नहीं पहुंचे पवन सिंह, लगा 1 हजार जुर्माना, ज्योति का छलाक दर्द, इस दिन की सुनवाई होगी अहम
Pawan Singh: भोजपुरी अभिनेता और गायक पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे वैवाहिक विवाद ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। सोमवार, 5 अक्टूबर को बलिया कोर्ट में भरण-पोषण से जुड़े मामले की सुनवाई थी, लेकिन पवन सिंह अदालत में हाजिर नहीं हुए। उनकी ओर से बताया गया कि उनकी मां की तबीयत खराब है। अदालत ने व्यक्तिगत रूप से पेश होने के पूर्व निर्देश के बावजूद गैरहाजिर रहने पर पवन सिंह पर 1 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
अदालत ने पवन सिंह को अगली सुनवाई पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने का अंतिम मौका दिया है। मामले की अगली सुनवाई अब 17 अक्टूबर को होगी। वहीं, निर्धारित समय पर साक्ष्य पेश नहीं करने के मामले में उनकी पत्नी ज्योति सिंह पर भी कोर्ट ने 500 रुपये का हर्जाना लगाया है।
पवन की गैरहाजिरी पर ज्योति का छलका दर्द
सुनवाई के बाद ज्योति सिंह ने कहा कि पवन सिंह को बार-बार अदालत में पेश होने के लिए बुलाया जाता है, लेकिन वह उपस्थित नहीं होते। इससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ज्योति के मुताबिक वह खुद बलिया में नहीं रहतीं और हर तारीख पर बाहर से अदालत पहुंचना पड़ता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पवन सिंह अपनी ताकत और हैसियत का फायदा उठाते हैं। पवन सिंह की मां की तबीयत खराब होने की जानकारी पर ज्योति ने कहा कि उन्हें इसकी खबर सोशल मीडिया के जरिए मिली। उन्होंने पवन सिंह के नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। ज्योति का कहना है कि उनके पास पवन सिंह का निजी मोबाइल नंबर तक नहीं है।ज्योति ने अपनी सास की तबीयत का हाल जानने के लिए अपने भाई को भेजा था। उनके मुताबिक भाई से मिली जानकारी में पता चला कि पवन सिंह की मां अब स्वस्थ हैं और अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट चुकी हैं।
2018 में हुई थी शादी, कुछ महीनों बाद शुरू हुआ विवाद
पवन सिंह की यह दूसरी शादी है। वर्ष 2014 में उन्होंने नीलम सिंह से पहली शादी की थी। शादी के करीब एक साल बाद नीलम ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद 6 मार्च 2018 को पवन सिंह ने बलिया में ज्योति सिंह से शादी की। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्तों में तल्खी बढ़ने लगी।ज्योति ने पवन सिंह पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए और दो बार गर्भपात कराने का भी दावा किया। हालांकि, पवन सिंह ने इन आरोपों को खारिज किया है। अप्रैल 2022 में ज्योति ने तलाक की अर्जी दाखिल की, जबकि पवन सिंह ने भी आरा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी।
चुनाव में साथ आए, फिर रिश्ते में आई दरार
2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह ने काराकाट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। उस दौरान ज्योति सिंह ने उनके पक्ष में प्रचार किया। इससे दोनों के बीच सुलह की अटकलें तेज हुई थीं। हालांकि, चुनाव परिणाम के बाद फिर दोनों के अलग होने की खबरें सामने आने लगीं।ज्योति कई मौकों पर पवन सिंह के साथ रहने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं। अब बलिया कोर्ट में चल रहे भरण-पोषण मामले में 17 अक्टूबर की सुनवाई अहम मानी जा रही है, क्योंकि अदालत पवन सिंह को व्यक्तिगत पेशी का अंतिम अवसर दे चुकी है।