MDH, EVEREST मसालों की थाली में कीटनाशकों की आहट, ब्रांडेड भरोसे पर बड़ा सवाल

भारतीय व्यंजनों की पहचान सदियों से मसालों की खुशबू और रंगत से रही है, मगर हालिया जांच रिपोर्टों ने रसोई के इस भरोसे को झकझोर दिया है।

मसालों की थाली में कीटनाशकों की आहट- फोटो : Social media

भारतीय व्यंजनों की पहचान सदियों से मसालों की खुशबू और रंगत से रही है, मगर हालिया जांच रिपोर्टों ने रसोई के इस भरोसे को झकझोर दिया है। पहले हांगकांग और सिंगापुर में भारतीय मसालों पर सख्ती की खबरें आईं, और अब देश के भीतर भी जांच का दायरा गहराया है। राजस्थान में लिए गए नमूनों की जांच में कई जानी-मानी कंपनियों के मसालों में तय सीमा से अधिक कीटनाशक अवशेष मिलने की बात सामने आई है, जिससे उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

अब तक यह धारणा बनी हुई थी कि खुले मसालों की तुलना में पैकेटबंद और बड़े ब्रांड अधिक सुरक्षित होते हैं। जांच में एमडीएच, एवरेस्ट, श्याम, गजानंद और शीबा ताजा जैसे नामों के विभिन्न मसालों में एसीटामिप्रिड, थायोमेथोक्साम, इमिडाक्लोप्रिड, ट्राइसाइक्लाजोल, प्रोफेनोफॉस, एथियॉन और एजोक्सीस्ट्रोबिन जैसे रसायनों की अधिकता दर्ज की गई। ये सभी खेती में फसल बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कीटनाशक हैं, लेकिन खाद्य पदार्थों में इनकी तय सीमा से ज्यादा मौजूदगी सेहत के लिए जोखिम पैदा कर सकती है।

विशेषज्ञों और विभिन्न अध्ययनों के अनुसार थायोमेथोक्साम जैसे रसायनों के लंबे समय तक संपर्क में रहने से लिवर, मस्तिष्क और प्रजनन स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है, वहीं पशु अध्ययनों में लिवर कैंसर से जुड़े जोखिम की ओर भी संकेत मिला है। हालांकि किसी रसायन का खतरा उसकी मात्रा और सेवन की अवधि पर निर्भर करता है, फिर भी रोजमर्रा के भोजन में ऐसे अवशेषों का मिलना गंभीर विषय है। खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत सख्त निगरानी, नियमित जांच और पारदर्शिता ही रसोई की सुरक्षा का मजबूत आधार बन सकती है।