Patna News: PMCH की नई बिल्डिंग में लिफ्ट को लेकर बवाल, पहले चढ़ने की होड़ में मरीजों के परिजनों में मारपीट, जमकर चले लात-घूंसे
Patna News: PMCH की नई बिल्डिंग में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लिफ्ट में पहले प्रवेश करने को लेकर मरीजों के परिजनों के बीच विवाद हो गया।..
Patna News: राजधानी के प्रतिष्ठित पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की नई बिल्डिंग में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब लिफ्ट में पहले प्रवेश करने को लेकर मरीजों के परिजनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और अस्पताल परिसर में ही जमकर मारपीट शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लिफ्ट के बाहर पहले अंदर जाने को लेकर दो पक्षों में बहस शुरू हुई। कुछ ही देर में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। करीब 20 मिनट तक चले हंगामे के दौरान लात-घूंसे और बेल्ट से मारपीट की गई। इस दौरान लिफ्ट का इंतजार कर रहे मरीजों के परिजनों में भी दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में तैनात TOP प्रभारी और सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। सुरक्षाकर्मियों की सक्रियता से बड़ा विवाद टल गया।इस मामले में परसा बाजार निवासी अमित ने पीरबहोर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आवेदन में उन्होंने बताया कि लिफ्ट में पहले प्रवेश करने को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। इसी दौरान दो अज्ञात लोगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। कुछ लोग एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाते और बेल्ट से हमला करते दिखाई दिए। अचानक हुए इस हंगामे से अस्पताल की नई बिल्डिंग में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।मारपीट की घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में लिफ्ट के पास कुछ लोग एक-दूसरे से भिड़ते नजर आ रहे हैं। फुटेज में एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष पर लात-घूंसे और बेल्ट से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं आसपास मौजूद मरीजों के परिजन खुद को बचाने के लिए वहां से हटते नजर आ रहे हैं।
पीरबहोर थाना पुलिस ने अमित के आवेदन के आधार पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।अस्पताल प्रशासन ने भी हाल के दिनों में परिसर में हुई घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और सक्रिय कर दिया है। PMCH परिसर में तैनात TOP टीम और सुरक्षा कर्मियों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।इस घटना ने एक बार फिर अस्पताल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, वहां छोटी-छोटी बातों पर हिंसा की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट