Bihar Election 2025 : मोकामा में दाँव पर दो बाहुबलियों की प्रतिष्ठा, जल, थल, नभ से होगी मतदान केन्द्रों की निगरानी, तैनात की गयी पारा मिलिट्री की 30 कम्पनियाँ
PATNA : जन सुराज पार्टी समर्थक दुलारचंद यादव हत्याकांड के बाद बिहार के हॉट सीट बने मोकामा विधान सभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए प्रशासन ने पूरी तरह कमर कस ली है। जल,थल और नभ से सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था की गयी है कि परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। इस विधान सभा क्षेत्र में पारा मिलिट्री की तीस कंपनी तैनात कर दी गयी है।
आसमान में ड्रोन, नदी में एसडीआरएफ और जमीन पर पारा मिलिट्री शांतिपूर्ण मतदान की जिम्मेवारी संभालेंगे। सभी मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। शांतिपूर्ण मतदान के लिये पटना आईजी, एसएसपी और ग्रामीण एसपी ने इलाके का दौरा भी किया। बाढ़ एएसपी आनंद कुमार ने निष्पक्ष चुनाव की तैयारियों की जानकारी देते हुए लोगों ने रिकार्ड मतदान की अपील भी की है।
बताते चलें मोकामा सीट पर इस बार का चुनाव मुख्य रूप से दो बाहुबली परिवारों के बीच सीधा और निर्णायक मुकाबला माना जा रहा है। अनंत सिंह इस सीट से लगातार 2005 से विधायक रहे हैं, अलग-अलग पार्टियों से या निर्दलीय के रूप में। वर्तमान में, अनंत सिंह एक हत्या के मामले (दुलारचंद यादव की हत्या) के बाद गिरफ्तार हो चुके हैं और न्यायिक हिरासत में हैं। हालांकि, पहले भी वह जेल में रहकर चुनाव जीत चुके हैं, जिससे उनके समर्थकों में सहानुभूति की लहर है। बाहुबली सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी RJD के टिकट पर मैदान में हैं। महागठबंधन इस सीट पर यादव, मुस्लिम और अति पिछड़ा वोट बैंक के ध्रुवीकरण पर भरोसा कर रहा है। जबकि मोकामा भूमिहार बहुल सीट है। भूमिहार वोटों पर अनंत सिंह की मजबूत पकड़ मानी जाती है। इसके अलावा, यादव, कुर्मी, धानुक और दलित वोटों की संख्या भी निर्णायक है।
2020 के विधानसभा चुनाव में अनंत कुमार सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर 78,721 वोट पाकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राजीव लोचन नारायण सिंह को 35,757 वोटों के भारी अंतर से हराया था। अनंत सिंह को सजा मिलने के बाद उनकी विधायकी चली गई थी। 2022 के उपचुनाव में उनकी पत्नी नीलम देवी ने RJD के टिकट पर चुनाव लड़ा और भाजपा की सोनम देवी को हराकर जीत हासिल की थी। अब मोकामा विधानसभा सीट पर पहले चरण में, 6 नवंबर 2025 को मतदान होना है। वोटों की गिनती 14 नवंबर 2025 को होगी। यह सीट फ़िलहाल बिहार विधानसभा चुनावों में सबसे ज्यादा गरमागरम सीटों में से एक बनी हुई है।
पटना से विकास की रिपोर्ट