न्याय की गुहार लेकर सीएम हाउस पहुंची खगड़िया SP की पत्नी पूजा, मिला आश्वासन

एसपी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी के बीच का मामला अब सीएम हाउस तक पहुंच गया है। रविवार को उनकी पत्नी पूजा सीएम हाउस पहुंच न्याय की गुहार लगाते हुए अनशन पर बैठ गईं। जिसके बाद सीएम हाउस से उनके मामले पर सोमवार को कार्रवाई करने का आश्वासन मिला है....

SP की पत्नी पूजा को सीएम हाउस से न्याय का मिला आश्वासन- फोटो : अनिल कुमार

Patna : बिहार के खगड़िया जिले के एसपी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा न्याय की गुहार लगाते हुए पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंच गई। इस अचानक हुए घटनाक्रम के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया।


पति और बेटी से मुलाकात न होने तक अनशन पर बैठने का एलान 

पीड़िता पूजा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक उन्हें उनके पति (एसपी भानु प्रताप सिंह) और उनकी बेटी से मुलाकात नहीं कराई जाती, तब तक वे मुख्यमंत्री आवास के सामने ही अनशन पर बैठी रहेंगी। उन्होंने अपनी पारिवारिक और व्यक्तिगत सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।


वरिष्ठ अधिकारियों और प्रशासन से सकारात्मक वार्ता के बाद पूजा ने दी जानकारी 

एसपी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने अधिकारियों से हुई बातचीत के बाद नया अपडेट दिया है। मीडियाकर्मियों से मुखातिब होते हुए पूजा ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से उन्हें कल सुबह (सोमवार) वार्ता के लिए बुलाया गया है, जहां मामले को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी।


खगड़िया से बेटी के साथ बुलाए गए एसपी भानु प्रताप, कल होगी बैठक 

पूजा ने जानकारी दी कि उनके पति और खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह को खगड़िया से उनकी मासूम बेटी के साथ बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने उन्हें यह आश्वासन दिया है कि कल सुबह मुख्यमंत्री और राज्य के डीजीपी (DGP) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में बैठकर बातचीत होगी और मामले का सकारात्मक समाधान (सॉर्ट आउट) निकाला जाएगा।


अधिकारियों ने दिया आश्वासन, सुबह की कॉल के बाद तय होगी मीटिंग की जगह 

पूजा के अनुसार, मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने उनसे फिलहाल वापस जाने का अनुरोध किया है और भरोसा दिलाया है कि कल सुबह उनके पास कॉल आएगा, जिसके बाद बैठक का स्थान तय होगा। उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया है कि सभी वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी इस संवेदनशील पारिवारिक मामले का स्थायी हल निकालने का प्रयास करेंगे।


भरोसे पर कायम पूजा सिंह, बोलीं- 'दीपावली मनेगी या नहीं, कल फैसला होगा' 

पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों पर पूजा सिंह ने कहा कि उन्हें व्यवस्था और दिए गए आश्वासन पर भरोसा है। जब उनसे पूछा गया कि क्या इस बार दीपावली वे अपने परिवार के साथ एक साथ मना पाएंगी, तो उन्होंने कहा कि कल की बैठक के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि उनकी दीपावली खुशियों के साथ मनेगी या आगे क्या स्थिति बनेगी।


अनिल की रिपोर्ट