Bihar LPG News: अब सिलेंडर की जरुरत नहीं! बिहार के इन जिलों में प्रशासन का नया प्लान, अब ऐसे बनेगा खाना

अब LPG सिलेंडर की जरुरत नहीं - फोटो : social media

Bihar LPG News: ईरान-इजराइल- अमेरिका युद्ध के बीच देशभर में गैस की किल्लत की खबर सामने आ रही है। हालांकि सरकार का दावा है कि गैस की कोई कमी नहीं है। जल्दीबाजी में कोई अफवाह ना फैले। जबकि दूसरी ओर सरकार पाइपलाइन से रसोई गैस घर घर तक पहुंचाने की कवायद में तेजी से जुट गई है। माना जा रहा है कि इसके बाद लोगों को एलपीजी सिलेंडर की आवश्कता नहीं होगी। बिहार के किशनगंज में तो प्रशासन ने इसकी तैयारी भी कर ली है। 

अब एलपीजी की जरुरत नहीं 

दरअसल, किशनगंज में प्रशासन ने पाइपलाइन के जरिए घर-घर गैस आपूर्ति की दिशा में पहल तेज कर दी है। संबंधित एजेंसी के साथ समन्वय बनाकर पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, यह योजना सूबे के 24 जिलों में लागू की जा रही है, जिसमें किशनगंज भी शामिल है। पाइपलाइन बिछने के बाद उपभोक्ताओं को सीधे घरों तक गैस की सप्लाई मिलेगी, जिससे सिलेंडर पर निर्भरता खत्म होगी।

सस्ती और सुरक्षित होगी गैस

विशेषज्ञों के अनुसार, पाइपलाइन के जरिए गैस आपूर्ति होने पर उपभोक्ताओं का खर्च कम होगा। जिन जिलों में पहले से यह सुविधा है, वहां लोग 25 दिनों में लगभग 700 से 750 रुपये में गैस का उपयोग कर रहे हैं। इसके अलावा यह व्यवस्था सिलेंडर की तुलना में अधिक सुरक्षित मानी जाती है।

नहीं बदलना पड़ेगा सिलेंडर

पाइपलाइन गैस सप्लाई शुरू होने के बाद सिलेंडर बदलने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी। साथ ही सिलेंडर बदलने के दौरान होने वाले हादसों का खतरा भी कम हो जाएगा। पाइपलाइन से गैस आपूर्ति होने पर सिलेंडरों के परिवहन और भंडारण की जरूरत कम होगी, जिससे प्रदूषण में भी कमी आएगी और उपभोक्ताओं को निरंतर गैस उपलब्ध हो सकेगी।

होटलों के दाम रहेंगे नियंत्रित

वर्तमान में व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कमी के कारण होटलों में खाने की थाली महंगी हो गई है। कई जगह 75 रुपये की थाली बढ़कर 100 रुपये तक पहुंच गई है। पाइपलाइन गैस शुरू होने के बाद होटलों को भी राहत मिलेगी और खाने के दाम स्थिर रहने की उम्मीद है। जिलाधिकारी विशाल राज ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए संबंधित निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत हो चुकी है और सर्वे का काम भी जल्द शुरू होगा।