बिहार के लिए गौरव: लोक गायिका डॉ. नीतू कुमारी नूतन EZCC के शासी निकाय में सदस्य मनोनीत, संस्कृति मंत्रालय ने जारी किया पत्र

Patna : बिहार के सांस्कृतिक जगत के लिए एक बेहद गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। देश-विदेश के मंचों पर अपनी गायकी का लोहा मनवा चुकीं विदुषी लोक गीत एवं उपशास्त्रीय संगीत गायिका डॉ. नीतू कुमारी 'नूतन' को भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अधीन स्वायत्त संस्थान पूर्वी क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र (EZCC), कोलकाता के प्रतिष्ठित शासी निकाय (Governing Body) का सदस्य मनोनीत किया गया है। संस्कृति मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद EZCC के निदेशक आशीष कुमार गिरी ने इस संबंध में आधिकारिक नियुक्ति पत्र जारी कर दिया है।


दो वर्षों का होगा कार्यकाल, 7 मई से प्रभावी

डॉ. नीतू कुमारी नूतन का यह मनोनयन दो वर्षों के कार्यकाल के लिए किया गया है, जो 7 मई, 2026 से प्रभावी माना जाएगा। संस्थान के संशोधित नियमों के तहत पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों से कला और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली देश की केवल 9 चुनिंदा हस्तियों को ही इस बोर्ड में जगह दी गई है। इसमें पूरे बिहार का प्रतिनिधित्व करने की बड़ी जिम्मेदारी सर्वसम्मति से डॉ. नूतन को सौंपी गई है। यह महत्वपूर्ण निर्णय भारत सरकार के माननीय संस्कृति मंत्री की विशेष स्वीकृति के बाद लिया गया है।


बिहार की कला और गुमनाम विधाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय मंच

इस प्रतिष्ठित बोर्ड में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. नीतू कुमारी नूतन ने केंद्र व राज्य सरकार और EZCC के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि बिहार की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक गीतों और यहां के संघर्षशील कलाकारों का सम्मान है। डॉ. नूतन ने संकल्प लिया कि वे अपने दो वर्षों के कार्यकाल में बिहार की पारंपरिक लोक कलाओं, गुमनाम विधाओं और स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा मंच प्रदान करने का हरसंभव प्रयास करेंगी।


EZCC निदेशक ने जताया भरोसा

मनोनयन पर बधाई देते हुए EZCC के निदेशक आशीष कुमार गिरी ने विश्वास जताया कि डॉ. नूतन के व्यापक सांस्कृतिक अनुभवों का बड़ा लाभ मिलेगा। उनके जुड़ने से न केवल बिहार, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के सांस्कृतिक ताने-बाने को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि नवगठित शासी निकाय आगामी दो वर्षों में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, क्षेत्रीय कलाओं के संरक्षण, संवर्धन और कला जगत से जुड़े नए नीतिगत निर्णयों में अपनी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


वर्तमान में कई अहम पदों पर दे रही हैं सेवाएं

डॉ. नीतू कुमारी नूतन वर्तमान में चार बड़े कार्यभारों को संभालते हुए अपनी सेवाएं दे रही हैं। वे संगीत नाटक अकादमी (भारत सरकार) की बिहार लोक विधा की 'राज्य गुरु' हैं। इसके साथ ही वे राज्यपाल महोदय द्वारा भारतीय नृत्य कला मंदिर (कला संस्कृति विभाग, बिहार सरकार) की प्रबंधन समिति की सदस्य हैं, और बिहार सरकार की ओर से ही EZCC की कार्यक्रम समिति में भी सक्रिय हैं। अपनी उत्कृष्ट गायन प्रस्तुतियों से बिहार और भारत की संस्कृति को विदेशों में गौरवान्वित करने वाली डॉ. नूतन की यह उपलब्धि राज्य के लिए एक बड़ी मिसाल है।