Bihar News: DGP साहब कब होगी कार्रवाई! शराबबंदी वाले बिहार में शराब छलकाते दारोगा जी, वर्दी में बोतल संग वीडियो वायरल
Bihar News: शराबबंदी वाले बिहार में 'शराब' केवल फाइलों में बंद है..आम आदमी को शराब की एक बूंद के लिए जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया जाता है, वहीं कानून के रखवाले बोतल के साथ 'महफिल' जमा रहे वायरल वीडियो में दारोगा जी के अंदाज़ से साफ है कि खाकी के ल
Bihar News: बिहार में शराबबंदी कानून की धज्जियां उड़ाने का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस महकमे की साख पर गहरा बट्टा लगा दिया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इस वीडियो में खाकी वर्दी की मर्यादा को ताक पर रखकर एक दारोगा जी (सब-इंस्पेक्टर) जाम छलकाते नजर आ रहे हैं। वर्दी की हनक और हाथ में शराब की बोतल का यह गठजोड़ अब सीधे पुलिस महानिदेशक (DGP) की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा रहा है।
जाम छलकाते दारोगा जी
दरअसल, पूरा मामला गोपालगंज का है। सोशल मीडिया पर तेजी से वीडियो वायरल हो रहा है। हालांकि News4Nation इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में दारोगा जी पहले शराब खरीदते नजर आ रहे हैं और फिर शराब पीते भी नजर आ रहे हैं। वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी अनुसार फुलवरिया थाना में तैनात एसआई अवधेश प्रसाद का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वे शराब पीते और खरीदते हुए नजर आ रहे हैं।
शराबबंदी की उड़ रही धज्जियां
गौरतलब है कि बिहार में सख्त शराबबंदी कानून लागू है। ऐसे में अगर कानून लागू कराने वाले ही नियमों का उल्लंघन करते दिखें, तो मामला और भी संवेदनशील हो जाता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के मुताबिक, वीडियो वायरल होते ही वरीय अधिकारियों ने तत्काल संज्ञान लिया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब का है और उसमें दिख रहा व्यक्ति वास्तव में वही अधिकारी है या नहीं।
स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी
इधर, इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार पदों पर बैठे अधिकारी ही कानून का पालन नहीं करेंगे, तो आम जनता पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। पुलिस विभाग की ओर से कहा गया है कि वीडियो की सत्यता की पूरी जांच की जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह मामला एक बार फिर राज्य में शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। जिससे इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
गोपालगंज से नमो नारायण की रिपोर्ट