Pappu Yadav Arrest: पटना पुलिस के गिरफ्त में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव, लंबे बवाल के बाद उठा ले गई पुलिस की टीम

Pappu Yadav Arrest: पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने 31 साल पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया है। देर रात हुई कार्रवाई के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए आईजीआईएमएस ले जाया गया।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी से मचा बवाल!- फोटो : news4nation

Pappu Yadav Arrest: पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को पटना पुलिस ने शुक्रवार देर रात (6 फरवरी 2026) एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया। यह मामला करीब 31 साल पुराना बताया जा रहा है। गिरफ्तारी के दौरान पटना स्थित उनके आवास पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। पप्पू यादव पुलिस के साथ जाने को तैयार नहीं थे और अपने वकील को बुलाने की बात कर रहे थे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा और खुद एसपी भानु प्रताप मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।

जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट ने इस मामले में सांसद पप्पू यादव समेत तीन लोगों के खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश दिया था। आरोप है कि साल 1995 में धोखाधड़ी के जरिए एक मकान किराए पर लिया गया था। इस संबंध में गर्दनीबाग थाना में उस समय मामला दर्ज किया गया था। लंबे समय से केस अदालत में चल रहा था और अब कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।

गिरफ्तारी की प्रक्रिया आसान नहीं रही

गिरफ्तारी की प्रक्रिया आसान नहीं रही। पुलिस जब पप्पू यादव के घर पहुंची तो उन्होंने रात में कहीं जाने से इनकार कर दिया। इस दौरान पुलिस और सांसद के बीच काफी देर तक बहस होती रही। समर्थक भी मौके पर जुटने लगे, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। हालात को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाया गया और रात करीब 12 बजे के बाद जाकर पुलिस उन्हें लेकर निकल सकी।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस सबसे पहले पप्पू यादव को पटना के बेली रोड स्थित आईजीआईएमएस अस्पताल ले गई। यहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अस्पताल में भी उनके कुछ समर्थक पहुंच गए थे।

बिहार की राजनीति में हलचल तेज

इस गिरफ्तारी को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। समर्थकों का कहना है कि यह कार्रवाई गलत है, जबकि पुलिस का कहना है कि वे कोर्ट के आदेश का पालन कर रही है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आगे अदालत में इस मामले पर क्या फैसला आता है और सांसद को राहत मिलती है या नहीं।

पटना से पुरषोत्तम कुमार