'मुख्यमंत्री होश में आओ, , विधायकों को धमकाना बंद करो', राबड़ी देवी ने नीतीश कुमार के खिलाफ खोला मोर्चा, सदन के बाहर प्रदर्शन

Rabri Devi protests- फोटो : news4nation

Bihar Vidhan Parishad: बिहार विधान मंडल में बुधवार को राजद के कई एमएलसी ने विपक्ष की नेता राबड़ी देवी के नेतृत्व में नीतीश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया. 'मुख्यमंत्री होश में आओ, होश में आओ-होश में आओ, विधायकों को धमकाना बंद करो, बंद करो-बंद करो, भ्रष्टाचारियों की सरकार होश में आओ-होश में आओ', जैसे नारे लिखे पोस्टरों के साथ विधान मंडल के प्रवेश द्वार पर प्रदर्शन किया. राजद एमएलसी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार सदन में विपक्ष के सदस्यों को धमकाते हैं. यहां तक कि उनके मंत्री भी सदन में विपक्ष के सदस्यों को अपमानित करते हैं. 


दरअसल, विधान परिषद में नीतीश कुमार और राबड़ी देवी के बीच तीखी नोकझोंक हुई थी. नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी को 'लड़की' तक कहा था जिसके बाद राजद ने इसे महिलाओं का अपमान बताया था. इसे लेकर राबड़ी देवी के पुत्र और विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने नीतीश पर तल्ख टिप्पणी की थी. वहीं एक दिन पहले ही विधान परिषद में राजद के सुनील कुमार और मंत्री अशोक चौधरी के बीच तीखी बहसबाजी हुई. दोनों के बीच गाली गलौज होने की बातें भी आई. 


इस सप्ताह सोमवार से ही विधान परिषद में काफी तीखी बहसबाजी होते दिखी है. यहां तक कि सत्ता पक्ष और विपक्ष के सदस्यों के बीच काफी तल्खी देखि गई. अब इसी को लेकर विपक्ष ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है. सदन की कार्यवाही शुरू होने के पहले प्रदर्शन किया.