राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड आवास खाली करने के पहले अधिकारियों को भेजा लेटर, पहले दीजिये यह जवाब तब जाएंगे 39 हार्डिंग रोड

10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए भवन निर्माण विभाग राबड़ी देवी को चौथा नोटिस जारी कर चुका है। विभाग ने उन्हें 29 जून तक आवास खाली करने का अंतिम समय दिया है।

10 Circular Road Government Residence- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने की प्रक्रिया के बीच भवन निर्माण विभाग से आवास का चार्ज रजिस्टर और विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए सभी सरकारी सामानों की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। इस संबंध में उनके सहायक ने विभाग को पत्र लिखा है। पत्र में कहा गया है कि सरकारी आवास खाली करते समय विभागीय सामानों का सही मिलान हो सके और भविष्य में किसी प्रकार का विवाद या भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसलिए आवास में उपलब्ध सभी सरकारी सामानों का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया जाए।


सूत्रों के अनुसार, राबड़ी देवी की ओर से यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि आवास खाली करने के बाद उन पर सरकारी सामान अपने साथ ले जाने जैसा कोई आरोप न लगाया जा सके। गौरतलब है कि 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए भवन निर्माण विभाग राबड़ी देवी को चौथा नोटिस जारी कर चुका है। विभाग ने उन्हें 29 जून तक आवास खाली करने का अंतिम समय दिया है।


इधर, पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में निर्माण कार्य पूरा होने की आधिकारिक सूचना अब तक प्राप्त नहीं हुई है। इसके बावजूद विभाग को सूचित किया गया है कि 10 सर्कुलर रोड का सरकारी आवास जल्द खाली कर दिया जाएगा। 


इस बीच आवास खाली करने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। शुक्रवार को परिसर के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे हटाए गए, जबकि सामानों की पैकिंग का काम लगातार जारी है। हालांकि, 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में लालू परिवार कब शिफ्ट होगा, इसे लेकर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।