NEET Paper Leak: '22 लाख छात्रों की मेहनत बर्बाद' राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरा, मांगा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा

NEET Paper Leak: राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक मामले पर केंद्र सरकार को घेरा। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

NEET मामले पर राहुल गांधी भड़के- फोटो : social media

NEET Paper Leak: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर जोरदार निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से देश की शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है और लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने की मांग की है। राहुल गांधी ने कहा कि करीब 22 लाख छात्रों की मेहनत और सपने बर्बाद हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान खुद को इस मामले से अलग बता रहे हैं, जबकि पूरे देश में छात्र और अभिभावक गुस्से में हैं।

राहुल गांधी ने दावा किया कि देश में अब तक लगभग 80 बार पेपर लीक की घटनाएं हो चुकी हैं। राहुल गांधी के मुताबिक इन घटनाओं की वजह से करीब 2 करोड़ युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासन की नाकामी नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था के अंदर एक बड़े नेटवर्क के काम करने का परिणाम है। राहुल गांधी ने RSS और BJP पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और बड़े शिक्षा संस्थानों में RSS और BJP से जुड़े लोगों की नियुक्ति की जा रही है। उनके अनुसार इसी वजह से शिक्षा संस्थानों की विश्वसनीयता कमजोर हो रही है।

RSS-BJP को लेकर कही ये बात

राहुल गांधी ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति RSS से जुड़ा होता है तो उसे कुलपति जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त कर दिया जाता है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को अब कमाई का साधन बना दिया गया है। कांग्रेस नेता ने कहा कि RSS-BJP और उनसे जुड़े लोगों का एक समूह शिक्षा संस्थानों के अंदर काम कर रहा है, जिसने पूरे सिस्टम को खराब कर दिया है। उन्होंने मांग की कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत पद से हटाया जाए।

सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए-राहुल गांधी

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि पेपर लीक मामले में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और छात्रों को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के करोड़ों युवा दिन-रात मेहनत करके परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने से उनका भरोसा टूट रहा है। उन्होंने इसे युवाओं के साथ बहुत बड़ा अन्याय बताया।