भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस में महिला यात्री के जेवरात चोरी मामले का रेल पुलिस ने किया खुलासा, खगड़िया और रोहतास से 3 को किया गिरफ्तार

रेल पुलिस ने ट्रेन में यात्रियों के कीमती सामान, आभूषण और नकदी चोरी करने वाले मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है

रेल पुलिस को बड़ी सफलता- फोटो : अनिल कुमार

Patna : रेल पुलिस ने ट्रेन में यात्रियों के कीमती सामान, आभूषण और नकदी चोरी करने वाले मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 2,00,000 नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के विभिन्न प्रकार के जेवरात और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।


भभुआ इंटरसिटी में महिला यात्री का ट्रॉली बैग काटकर उड़ाए थे जेवरात

मामला 27 जून 2026 का है, जब पश्चिम बंगाल के हुगली (उत्तर पाड़ा) निवासी रीना गुप्ता भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13240) में सासाराम से भभुआ की यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान अज्ञात चोरों ने उनके लेडीज पर्स व ट्रॉली बैग से सोने की चेन, मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, चांदी की पायल, 10,000 नकद, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और एटीएम कार्ड चोरी कर लिए थे। इस संबंध में रेल थाना सासाराम में कांड संख्या 29/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।


SIT की कार्रवाई: खगड़िया से दबोचा गया मुख्य अभियुक्त हीरा कुमार

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक (पटना) अनंत कुमार राय के निर्देश पर गया रेल अनुमंडल के अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने खगड़िया जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र स्थित बड़ी झिटकिया (वार्ड नं. 07) में छापेमारी कर 33 वर्षीय हीरा कुमार (पिता—सुशील मंडल) को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से ₹500 के 418 नोट (कुल 2 लाख रुपये नकद), सोने की 5 अंगूठियां, 1 मंगलसूत्र, 4 सिकड़ी, झुमके, गले का हार, जितिया, नथिया, कान की बालियां तथा चांदी की पायल, कमराधनी, हथसंकर, सिक्के, बिछिया और 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए।


दो अन्य अभियुक्तों के पास से भी सोने के लॉकेट व चांदी की पायल बरामद

मामले में आगे की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सासाराम नगर क्षेत्र से दो अन्य अभियुक्तों को भी दबोचा:

  • अजित कुमार उर्फ अनिल सिंह (पिता—प्रदीप सोनकर, निवासी—शहरीगंज, सासाराम): इसके पास से सोने जैसा 1 लॉकेट (दुर्गाजी), चांदी जैसी 2 पायल और 1 मोबाइल बरामद हुआ।
  • पप्पू फारूकी उर्फ पप्पू कुरैशी (उम्र 40 वर्ष, पिता—शमसुद्दीन फारूकी, निवासी—चौखंडी कबीरगंज, सासाराम): इसके पास से सोने जैसा 1 लॉकेट (बजरंगबली), चांदी जैसी 2 पायल और 1 मोबाइल बरामद हुआ।


मुख्य अभियुक्त का रहा है गंभीर आपराधिक इतिहास

पुलिस जांच के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त हीरा कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ खगड़िया जिले के महेशखूंट थाने में पूर्व से चोरी, रंगदारी, मारपीट और जानलेवा हमले से जुड़े तीन गंभीर मामले (कांड सं. 107/23, 85/18 और 193/22) दर्ज हैं। पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

अनिल की रिपोर्ट