Rajpal Yadav: जेल से बाहर आने के बाद भावुक हुए राजपाल यादव, मुश्किल समय में मदद करने वालों का जताया आभार

Rajpal Yadav: राजपाल यादव ने जेल से रिहा होने के बाद वीडियो जारी कर सोनू सूद, राव इंद्रजीत यादव और तेज प्रताप यादव का आभार जताया है।

कठिन समय के बाद भावुक हुए राजपाल यादव- फोटो : social media

Rajpal Yadav: राजपाल यादव ने हाल ही में अपनी जिंदगी का एक बहुत कठिन दौर देखा। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में सजा काटने के बाद अब वे जेल से बाहर आ चुके हैं। रिहाई के करीब 35 दिन बाद राजपाल यादव ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने उन लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने मुश्किल समय में उनका साथ दिया। राजपाल ने बताया कि जब उन्होंने कोर्ट में सरेंडर किया था, तब उनके पास कर्ज चुकाने के लिए पैसे नहीं थे। ऐसे समय में कई लोगों ने उनकी मदद की।

इस दौरान सोनू सूद जैसे कलाकारों के साथ-साथ कुछ नेताओं ने भी उनका साथ दिया। राजपाल यादव ने खास तौर पर Rao इंद्रजीत यादव और तेज प्रताप यादव का नाम लिया और उनका आभार जताया। बताया गया कि ‘जेम ट्यून्स’ के फाउंडर राव इंद्रजीत यादव ने उनकी मदद में बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी तरफ से 1.11 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी और सोशल मीडिया पर लोगों से भी मदद की अपील की। वहीं तेज प्रताप यादव ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए 11 लाख रुपये की मदद की।

राजपाल यादव काफी भावुक नजर आए

वीडियो में राजपाल यादव काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि वे इंद्रजीत यादव और तेज प्रताप यादव के दिल से आभारी हैं। साथ ही उन्होंने तेज प्रताप यादव को उनके राजनीतिक भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।