Bihar industry: बिहार में विकास की नई उड़ान! 11 जगहों पर बनेगी सैटेलाइट सिटी, कारोबार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
Bihar industry: राज्यसभा सांसद नितिन नवीन नितिन नवीन ने कहा कि बिहार सरकार 2025-2030 तक उद्योग और निवेश को प्राथमिकता दे रही है। इसके लिए राज्य के 11 जगहों पर इलेक्ट्रॉनिक सिटी विकसित होगी।
Bihar industry: बिहार सरकार वर्ष 2025 से 2030 तक उद्योग और व्यवसाय को बढ़ावा देने को अपनी प्राथमिकता बना रही है। इसी दिशा में राज्य के सभी जिलों में लैंड बैंक विकसित किए जा रहे हैं और औद्योगिक नीतियों में लगातार सुधार किया जा रहा है। यह बातें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में कहीं। उन्होंने उद्योग जगत और व्यापारिक संगठनों से अपील की कि वे सरकार को सुझाव दें कि राज्य में नए निवेश कैसे आकर्षित किए जा सकते हैं और मौजूदा उद्योगों को किस तरह और मजबूत बनाया जा सकता है।
नितिन नवीन ने कहा कि बिहार में 11 स्थानों पर सैटेलाइट सिटी और इलेक्ट्रॉनिक सिटी विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। इसके साथ ही यूरोपीय देशों के निवेशकों को बिहार से जोड़ने और राज्य के उद्यमियों को वैश्विक निवेश मंचों तक पहुंचाने के लिए भी सरकार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है, लेकिन एक बिहारी होने के नाते बिहार का विकास और राज्य का सम्मान हमेशा उनकी प्राथमिकता रहेगा। उन्होंने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि वे अपनी समस्याएं और सुझाव पहले की तरह साझा करते रहें, ताकि सरकार स्तर पर उनके समाधान के लिए पहल की जा सके।
कार्यक्रम में अन्य कौन थे मौजूद
इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि राज्य सरकार उद्योग और व्यापार को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सरकार और चैम्बर मिलकर बिहार में अधिक से अधिक निवेश लाने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेंगे। बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष पीके अग्रवाल ने समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने से राज्य के व्यवसायियों और उद्यमियों में नया उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नितिन नवीन संसद के उच्च सदन में बिहार के उद्योग और व्यापार जगत की व्यवहारिक समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे। कार्यक्रम में चैम्बर के उपाध्यक्ष एनके ठाकुर, विशाल टेकरीवाल, महामंत्री मुकेश कुमार जैन, कोषाध्यक्ष राजेश जैन समेत कई उद्योगपति और व्यवसायी मौजूद रहे।