Bihar News: पटना में भूमाफिया ने कर दिया बड़का खेला ! फर्जी सेल डीड से कराई जमाबंदी, DM ने राजस्वकर्मी को किया सस्पेंड
Bihar News: पटना में भूमाफिया फर्जी सेल डीड से जमाबंदी करा ली है। इस मामले में पटना डीएम ने बड़ी कार्रवाई की है। डीएम ने राजस्वकर्मी को सस्पेंड कर दिया है।
Bihar News: उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा से लेकर जिलाधिकारी की सख्ती के बावजूद अंचल कार्यालयों में भू-माफियाओं की सक्रियता थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा मामला पटना जिले के फुलवारीशरीफ अंचल कार्यालय से सामने आया है। जहां फर्जी सेल डीड के आधार पर जमीन की जमाबंदी करा ली गई। इस मामले का खुलासा होते ही पटना डीएम ने सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने राजस्वकर्मी को सस्पेंड कर दिया है।
फर्जी दस्तावेज के आधार पर जमाबंदी
पीड़िता ने आरोप लगाया कि पिपरा थाना क्षेत्र निवासी धीरज कुमार की पत्नी सीमा कुमारी ने अवर निबंधन कार्यालय के दस्तावेजों की नकल कर कूटरचित (फर्जी) सेल डीड तैयार करवाई। इसी फर्जी दस्तावेज को दाखिल-खारिज वाद संख्या 10968/2024-25 में संलग्न कर फुलवारीशरीफ अंचल कार्यालय में अपने नाम से जमीन दर्ज करा ली गई। इतना ही नहीं, अंचल कार्यालय ने उनके नाम से जमाबंदी भी कर दी।
जांच में खुली पोल, डीएम ने लिया संज्ञान
पीड़िता की शिकायत पर जब वरीय अधिकारियों ने जांच की तो प्रस्तुत सेल डीड पूरी तरह फर्जी पाई गई। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पटना सदर के भूमि सुधार उप समाहर्ता व अपर समाहर्ता को कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। डीएम के आदेश पर फर्जी जमाबंदी रद्द कर दी गई और आरोपित के खिलाफ परसा बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
राजस्वकर्मी निलंबित, विभागीय कार्रवाई शुरू
मामले में राजस्वकर्मी सोनू कुमार की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध प्रपत्र ‘क’ गठित कर विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। डीएम ने स्पष्ट कहा कि सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ गंभीर अपराध है और इसे किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अंचल कार्यालयों में हाई-एंड सीसीटीवी
राजस्व प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए सभी अंचल कार्यालयों में हाई-एंड सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। डीएम ने चेतावनी दी कि निरीक्षण के दौरान किसी भी अंचल कार्यालय में दलाल या मुंशी पाए जाने पर उनके खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। किसी सरकारी कर्मी की संलिप्तता पाए जाने पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
माफियाओं के खिलाफ सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को भू-माफिया, शराब माफिया और बालू माफिया के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। भूमि विवादों के समाधान के लिए सूक्ष्म स्तर पर निगरानी, विवादित जमीन की हिस्ट्री शीट तैयार करने, प्राथमिक सूचना के विश्लेषण और योजनाबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि जमीन संबंधी मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित और कठोर कार्रवाई की जाएगी।