Bihar MLC Election: पटना में मतगणना केंद्र पर CCTV को लेकर विवाद, RJD प्रत्याशी ने उठाए सवाल, प्रमंडलीय आयुक्त को लिखा पत्र

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की आठ सीटों के लिए मतगणना शुरू होने के साथ ही पटना में मतगणना केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।...

मतगणना केंद्र पर CCTV को लेकर विवाद- फोटो : reporter

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक कोटे की आठ सीटों के लिए मतगणना शुरू होने के साथ ही पटना में मतगणना केंद्र पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल में बनाए गए मतगणना केंद्र पर पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने मतगणना हॉल के भीतर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने इस मामले में पटना प्रमंडलीय आयुक्त को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

राजद प्रत्याशी ने अपने पत्र में कहा है कि पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना के दौरान जब वह मतगणना हॉल के अंदर गए, तो उन्हें वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं दिखे। जबकि मतगणना केंद्र के अन्य स्थानों पर कैमरे लगे हुए दिखाई दे रहे थे। उन्होंने इस स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि निर्वाचन की इतनी संवेदनशील और अहम प्रक्रिया में निगरानी की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि मतगणना की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर किसी तरह का सवाल खड़ा न हो।

डॉ. संजीव कुमार सिंह ने कहा कि मतगणना हॉल में सीसीटीवी कैमरों की अनुपस्थिति से पूरी प्रक्रिया की निगरानी और प्रत्येक मत की सुरक्षा को लेकर संदेह पैदा हो सकता है। निर्वाचन प्रक्रिया में उम्मीदवारों और मतदाताओं का भरोसा बनाए रखने के लिए जरूरी है कि मतगणना के हर अहम चरण पर निगरानी की समुचित व्यवस्था हो। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

अपने पत्र में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार सिंह ने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। पहली, मतगणना हॉल में अविलंब सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित की जाए। दूसरी, मतगणना की पूरी प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग कराई जाए तथा उसे सुरक्षित रखा जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा सके। तीसरी, सीसीटीवी निगरानी से जुड़े निर्वाचन आयोग के लागू दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। चौथी, उनकी शिकायत पर की गई कार्रवाई की जानकारी लिखित रूप में दी जाए।

उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि मतगणना की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन को बिना किसी देरी के हस्तक्षेप करना चाहिए। उनके मुताबिक, निष्पक्ष चुनावी प्रक्रिया और प्रत्येक मत की सुरक्षा सुनिश्चित करना निर्वाचन व्यवस्था की अहम जिम्मेदारी है।फिलहाल, सीसीटीवी कैमरों को लेकर राजद प्रत्याशी की ओर से सवाल उठाए गए हैं। इस संबंध में प्रशासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर निगाहें टिकी हैं। हालांकि, मतगणना हॉल में कैमरे नहीं होने के आरोप और इस मामले में प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह