राजद का बड़ा हमला, सत्ता पक्ष के इशारे पर तेजस्वी यादव के खिलाफ प्रॉक्सी राजनीति कर रहे हैं पप्पू यादव और प्रशांत किशोर
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने सांसद पप्पू यादव और विधायक प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला है। साथ ही सत्ता पक्ष को भी घेरा है। एजाज अहमद ने कहा है कि सरकार की कमियों को छिपाने के लिए एक रणनीति के तहत 'प्रॉक्सी राजनीति' का सहारा लिया जा रहा है....
Patna : राष्ट्रीय जनता दल ने सत्ता पक्ष पर जोरदार हमला बोला है। बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के प्रवक्ता एजाज अहमद ने एक तीखे बयान में आरोप लगाया है कि जिन लोगों में सत्ता पक्ष से सीधे सवाल पूछने की हिम्मत नहीं है, वे भाजपा और सत्ता पक्ष के इशारे पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के खिलाफ अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की कमियों को छिपाने के लिए सोची-समझी रणनीति के तहत 'प्रॉक्सी राजनीति' का सहारा लिया जा रहा है।
जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश
राजद नेता ने कहा कि पप्पू यादव और प्रशांत किशोर अपने व्यक्तिगत हितों को साधने और भविष्य में सत्ता पक्ष से इसकी कीमत वसूलने के लिए ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य बेरोजगारी, बढ़ते अपराध और लगभग 45 लाख बाढ़ पीड़ितों के न्याय जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना है, ताकि सरकार को तेजस्वी यादव द्वारा दिखाए जा रहे आईने से मुक्ति मिल सके।
सरकार पर भारी पड़ रहे हैं तेजस्वी यादव के सवाल
एजाज अहमद ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करते हुए सरकार को हर मोर्चे पर बेचैन किए हुए हैं। नौकरी, रोजगार, कानून व्यवस्था और बाढ़ विभीषिका जैसे जनहित के मुद्दों पर जब सरकार के पास कोई जवाब नहीं होता, तो वह घबराकर अपने इन 'प्रॉक्सी नेताओं' को आगे कर देती है ताकि समाज में भ्रम और उन्माद का माहौल पैदा किया जा सके।
लालू-तेजस्वी के वैचारिक संकल्प और संघर्ष की मिसाल
लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के संघर्षों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि तमाम केंद्रीय एजेंसियों के दबाव और राजनीतिक षड्यंत्रों के बावजूद लालू जी के परिवार ने कभी भी देश के संविधान और गंगा-जमुनी तहजीब के साथ समझौता नहीं किया है। जो लोग हमेशा से समझौतावादी राजनीति के आदि रहे हैं, वे आज 'तेजस्वी फोबिया' से ग्रसित होकर अनर्गल बातें कर रहे हैं।
बिहार की जनता सब जानती है, कोई असर नहीं पड़ेगा
अंत में राजद नेता ने विश्वास जताते हुए कहा कि बिहार की जागरूक जनता इन प्रॉक्सी नेताओं के असली एजेंडे को भली-भांति पहचान चुकी है। जनता जानती है कि ऐसे लोग केवल लालू-तेजस्वी का विरोध कर अपनी राजनीतिक जमीन बचाना चाहते हैं। एनडीए सामने से मुकाबला करने में असफल होकर ऐसे नेताओं का सहारा ले रही है, लेकिन जनता का अटूट विश्वास और समर्थन हमेशा लालू-तेजस्वी के साथ है।
नरोत्तम की रिपोर्ट