30 साल का हुआ RJD, स्थापना दिवस पर लालू यादव का बड़ा संदेश, भाजपा को सबक सिखाने दिया सफलता का मंत्र

5 जुलाई 1997 को लालू प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना की थी। स्थापना दिवस पर अपने संदेश में लालू यादव ने लिखा कि "5 जुलाई 1997 को गरीबों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई के लिए राजद की स्थापना हुई थी

RJD Foundation Day- फोटो : news4nation

RJD Foundation Day : राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अपने 30वें स्थापना दिवस को पूरे बिहार में उत्साह और जोश के साथ मना रहा है। इस मौके पर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने बिहार की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम एक भावनात्मक और राजनीतिक संदेश जारी करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने, सामाजिक न्याय की लड़ाई तेज करने तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 5 जुलाई केवल स्थापना दिवस नहीं, बल्कि बिहार और देश की राजनीति की दिशा और दशा बदलने वाला ऐतिहासिक दिन है। राजद का स्थापना दिवस राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों के साथ-साथ पटना स्थित पार्टी कार्यालय के कर्पूरी सभागार में समारोहपूर्वक मनाया जा रहा है। 


गौरतलब है कि 5 जुलाई 1997 को लालू प्रसाद यादव ने राष्ट्रीय जनता दल की स्थापना की थी। स्थापना दिवस के अवसर पर फेसबुक पर जारी अपने संदेश में लालू यादव ने लिखा कि "5 जुलाई 1997 को गरीबों, शोषितों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई के लिए राजद की स्थापना हुई थी। राजद सामाजिक न्याय, समानता, रोजगार और समावेशी विकास की राजनीति के लिए प्रतिबद्ध है।"


पार्टी को मजबूती का संदेश 

उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने की अपील की। साथ ही संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। लालू यादव ने पार्टी के 30 वर्षों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बधाई एवं धन्यवाद दिया।


अपने संदेश में उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ने की अपील करते हुए लिखा कि "यह लड़ाई संवैधानिक संस्थाओं के असंवैधानिक तरीकों को खत्म करने की है। यह लड़ाई संघ और कॉरपोरेट घरानों की नई जुगलबंदी के खिलाफ है। यह गरीबों, किसानों और वंचितों के अस्तित्व की लड़ाई है। छोटी-मोटी चिंताओं और मतभेदों को भुलाकर इस संघर्ष को मुकम्मल अंजाम तक पहुंचाना होगा।"


भाजपा पर बरसे 

लालू यादव ने अपने संदेश में भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने लिखा कि हाल के वर्षों के चुनावी नतीजों का विश्लेषण बताता है कि संवैधानिक संस्थाओं को अपने प्रभाव में लेकर संविधान की भावना को दरकिनार करने की कोशिश की जा रही है, जिसे उनकी राजनीति स्वीकार नहीं करती।


विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान

राजद सुप्रीमो ने कार्यकर्ताओं से ऐतिहासिक भूमिका निभाने के लिए तैयार रहने की अपील करते हुए कहा कि "राष्ट्रीय जनता दल सिर्फ चुनाव लड़ने की मशीन नहीं है।" उन्होंने कहा कि आज के अवसरवाद और अनिश्चितता के दौर में यदि कोई पार्टी गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों के सपनों को साकार करने की क्षमता रखती है तो वह राजद है। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर संगठन की विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया।

रंजन की रिपोर्ट