राबड़ी देवी आवास खाली कराने के नोटिस सिर्फ कटुता की राजनीति ! सम्राट सरकार पर खूब बरसे राजद एमएलसी कार्तिक कुमार
राजद नेता ने कहा, “राबड़ी देवी लंबे समय से इस आवास में रह रही हैं और पूरी तरह स्थापित हैं। उन्हें आवास खाली कराने का नोटिस भेजना असली मुद्दों से ध्यान भटकाना है
Rabri residence: पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली कराने को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। इस मुद्दे पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता और पूर्व मंत्री कर्तियेक कुमार ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कार्तिक कुमार ने कहा कि सरकार पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी को जबरन बंगला खाली कराने की कोशिश कर रही है जबकि यदि सरकार किसी मंत्री को यह आवास देना चाहती है तो उसे दूसरा बंगला दे सकती है।
राजद नेता ने कहा, “राबड़ी देवी लंबे समय से इस आवास में रह रही हैं और पूरी तरह स्थापित हैं। अगर उन्हें दूसरे आवास में जाना पड़ेगा तो फिर से नई व्यवस्था बनानी पड़ेगी, जबकि नए मंत्री शुरुआत से ही नए आवास में व्यवस्थित हो सकते हैं। राबड़ी देवी पूर्व मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ नेता प्रतिपक्ष भी हैं और वह इस सम्मान की हकदार हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के विवाद खड़े कर रही है। कार्तिक कुमार ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था, महंगाई और महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी तरह विफल रही है।
कानून व्यवस्था बदत्तर
उन्होंने हाल के चर्चित छात्रा मामले का जिक्र करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार अब तक न्याय का इंतजार कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्य सरकार के पास तमाम जांच एजेंसियां होने के बावजूद अब तक कोई ठोस परिणाम क्यों सामने नहीं आया। बेगूसराय की घटना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में परीक्षा देने आई एक छात्रा की सुरक्षा तक सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि अगर उस छात्रा के पिता साथ नहीं होते तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
महंगाई से परेशान
राजद नेता ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार राजनीतिक मुद्दों में उलझी हुई है। कार्तिक कुमार ने कहा कि राजद जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी और सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।
गौरतलब है कि बिहार सरकार ने हाल ही में राबड़ी देवी को पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने का नोटिस दिया है। यह आवास अब बिहार सरकार के मंत्री नंद किशोर राम को आवंटित किया गया है। सरकार का कहना है कि राबड़ी देवी को वैकल्पिक सरकारी आवास उपलब्ध कराया जा चुका है, जबकि राजद इसे राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई बता रहा है।
रंजन की रिपोर्ट