Bihar News : पटना में डुप्लीकेट कॉस्मेटिक्स फैक्ट्री में पुलिस ने की छापेमारी, लाखों रुपये के नकली सामान किया जब्त, मौके से आरोपी फरार
Bihar News : पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के बेलवरगंज लोदीपुर इलाके के एक घर में किराए के मकान में ब्रांड प्रोटेक्शन निजी कंपनी से मिली सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहाँ नकली सामान जब्त किया गया है......पढ़िए आगे
PATNA : पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली और घटिया कॉस्मेटिक्स बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। बेलवरगंज लोदीपुर इलाके के एक किराए के मकान में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने कई नामी-गिरामी कंपनियों के ब्रांडेड रैपर में पैक किए जा रहे लाखों रुपये मूल्य के डुप्लीकेट कॉस्मेटिक्स सामान बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के अनुसार, यह सफल कार्रवाई ब्रांड प्रोटेक्शन नामक एक निजी कंपनी से मिली सटीक गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलते ही गांधी मैदान थाना पुलिस की एक टीम ने चिन्हित ठिकाने पर अचानक दबिश दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर मकान में मौजूद फर्जीवाड़ा करने वाले लोग घबरा गए और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में कामयाब रहे। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ-2 कामाख्या नारायण सिंह ने बताया कि ब्रांड प्रोटेक्शन कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा दी गई शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की गई थी। छापेमारी के दौरान किराए के कमरे से नामचीन ब्रांड्स के नकली फेयरनेस क्रीम, शैम्पू, बॉडी लोशन और अन्य ब्यूटी प्रोडक्ट्स के डिब्बे, खाली रैपर तथा तैयार माल का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। बरामद किए गए सभी सामानों की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
गांधी मैदान थाना पुलिस ने बरामद सभी नकली सामग्रियों को जब्त कर सील कर दिया है और इस अवैध कारोबार में शामिल मुख्य सरगना व उसके नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। पुलिस मकान मालिक से भी किराएदार के सत्यापन और उसके रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अनिल की रिपोर्ट