मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ राजधानी पटना में राजद का जोरदार प्रदर्शन : ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला, इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्य प्रणाली पर विपक्ष पहले से ही सवाल उठा रहा है, अब बात विरोध प्रदर्शन तक पहुंच गई है। शुक्रवार को राजधानी पटना में राजद के वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व मे ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया....

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ राजद का जोरदार प्रदर्शन - फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष ने शुक्रवार को राजधानी पटना की सड़कों पर जमकर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के कार्यप्रणाली के खिलाफ सड़क पर उतरे। विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित नेताओ और कार्यकर्ताओं ने इनकम टैक्स गोलंबर पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन किया।


सांसद सुधाकर सिंह और भोला यादव के नेतृत्व में उतरे नेता

इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में राजद के सांसद सुधाकर सिंह, वरिष्ठ नेता भोला यादव सहित कई अन्य प्रमुख नेता और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए, जिन्होंने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


बिहार और बंगाल चुनावों में धांधली और वोट चोरी का आरोप

राजद नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा बिहार और पश्चिम बंगाल में हुए चुनावों के दौरान कथित तौर पर धांधली की गई है और वे निष्पक्षता से परे होकर काम कर रहे हैं। नेताओं का कहना है कि उनकी कार्यशैली शुरू से ही संदेह के घेरे में रही है।


इस्तीफा, देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग

प्रदर्शनकारियों ने कड़े शब्दों में मांग की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। साथ ही, उन पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करते हुए तुरंत गिरफ्तार किए जाने की मांग भी उठाई गई।


गौरतलब है कि राजधानी पटना में आज कांग्रेस की ओर से भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार  के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। 


नरोत्तम की रिपोर्ट