विप चुनाव के मतगणना में राजद को गड़बड़ी की आशंका : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, दी यह चेतावनी
राजद ने विधान परिषद के हुए चुनाव के मतगणना में गड़बड़ी और धांधली की आशंका जताई है। मतगणना में किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो इसे लेकर राजद के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा है....
Patna : बिहार विधान परिषद के 8 सीटों पर हुए चुनाव का कल मंगलवार 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। इधर मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की धांधली या गड़बड़ी की आशंका को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) पूरी तरह से सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में आरजेडी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी को एक औपचारिक ज्ञापन सौंपा है।
इस प्रतिनिधिमंडल में आरजेडी के वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी के उम्मीदवार संजीव कुमार सिंह के साथ-साथ कई अन्य प्रमुख नेता भी मौजूद रहे।
'गड़बड़ी हुई तो कार्यकर्ता उतरेंगे सड़कों पर' - भाई वीरेंद्र
निर्वाचन कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने दो टूक कहा कि हम लोगों ने स्पष्ट ज्ञापन सौंपकर यह मांग की है कि मतगणना के दौरान किसी भी स्तर पर कोई गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आक्रामक तेवर दिखाते हुए कहा कि यदि चुनाव परिणाम या काउंटिंग में किसी तरह की हेराफेरी की कोशिश की गई, तो आरजेडी के कार्यकर्ता और आम जनता चुप नहीं बैठेंगे, बल्कि इसके खिलाफ सड़कों पर उतरकर जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे।
उम्मीदवार संजीव कुमार सिंह का कड़ा बयान
वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आरजेडी के उम्मीदवार संजीव कुमार सिंह ने भी प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मतगणना में जरा भी गड़बड़ी पाई गई, तो चुनाव मैदान में डटे सभी उम्मीदवार और उनके तमाम कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होंगे।
उन्होंने निष्पक्ष और पारदर्शी मतगणना कराए जाने की पुरजोर मांग की है। आरजेडी नेताओं के इस कदम से राजनीतिक गलियारों में सरगर्मी काफी तेज हो गई है।
रंजन की रिपोर्ट