बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने पर राजद का अनोखा सुझाव, भाई वीरेंद्र ने बताया क्या हो भारत का नया नाम

भाई वीरेंद्र ने कहा, “ठीक है, भारत का नाम बदलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रख दो और इसी तरीके से सब जगह का नाम बदल दो। क्या स्थिति आ गई है, देख लीजिए।”

RJD Bhai Virendra- फोटो : news4nation

Bihar News :  बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ किए जाने की मांग को लेकर बिहार की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ विधायक और विधानसभा की एस्टीमेट कमिटी के अध्यक्ष भाई वीरेंद्र ने इस मांग पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य में बेरोजगारी और पलायन जैसे गंभीर मुद्दे हैं, लेकिन इन पर चर्चा करने के बजाय नाम बदलने की बात हो रही है।


भाई वीरेंद्र ने कहा, “ठीक है, भारत का नाम बदलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर रख दो और इसी तरीके से सब जगह का नाम बदल दो। क्या स्थिति आ गई है, देख लीजिए।” उन्होंने कहा कि बिहार में बेरोजगारी और पलायन की समस्या है। लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है, लेकिन इन मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही और नाम बदलने को लेकर बहस की जा रही है।


दरअसल, बिहार सरकार में मंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे संतोष कुमार सुमन ने हाल में बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने का सुझाव दिया था। इसके पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी एक पॉडकास्ट में अपनी व्यक्तिगत राय जाहिर करते हुए कहा था कि बख्तियारपुर का नाम बदला जाना चाहिए। हालांकि, बिहार सरकार की ओर से फिलहाल नाम बदलने का कोई आधिकारिक प्रस्ताव नहीं है।


शराबबंदी पर भी सरकार को घेरा

शराबबंदी के कारण बिहार को करीब 20 हजार करोड़ रुपए के राजस्व नुकसान होने के बाद भी कानून जारी रखने को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बयान पर भी भाई वीरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वे भी शराबबंदी के समर्थन में रहे हैं, लेकिन आज राज्य में इसकी स्थिति पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग शराबबंदी कानून का उल्लंघन कर रहे हैं, उनके लिए कड़ा कानून बनाया जाना चाहिए। भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि “बिहार में खाकी और खादी दोनों मिलकर शराबबंदी कानून को बर्बाद कर रहे हैं और इसे विफल कर रहे हैं।”


‘भाजपा ने बनाया मुख्यमंत्री’ वाले बयान पर क्या बोले?

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के उस बयान पर कि उन्हें नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री नहीं बनाया, बल्कि उनकी पार्टी भाजपा ने मुख्यमंत्री बनाया है, भाई वीरेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री का चयन संबंधित राजनीतिक दल के बड़े नेता करते हैं। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी ने इस संबंध में जो कहा है, उसमें कोई गलत बात नहीं है।

रंजन की रिपोर्ट