मुख्यमंत्री सचिवालय के बाहर तेज रफ्तार का कहर, दो कारों की भीषण टक्कर, अति सुरक्षा वाले इलाके में कोहराम

Bihar News : राजधानी पटना में एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों का कहर देखने को मिला है। ताजा मामला मुख्यमंत्री सचिवालय से महज कुछ कदम की दूरी का है, जहां दो कारों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर और किया कंपनी की कार के बीच तेज रफ्तार में टक्कर हुई। दुर्घटना के बाद एक कार का पहिया हवा में उछल गया, जबकि दूसरी गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार लोगों और चालकों को गंभीर चोट नहीं आई है। सभी को हल्की चोटें आने की संभावना जताई जा रही है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यातायात विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू कर दिया गया है ताकि यातायात सामान्य हो सके। मुख्यमंत्री सचिवालय जैसे हाई-सिक्योरिटी इलाके के पास हुई इस बड़ी दुर्घटना ने राजधानी में तेज रफ्तार और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अनिल की रिपोर्ट