भागलपुर प्रमंडल में सड़क, पुल व ROB परियोजनाओं की पथ निर्माण मंत्री की समीक्षा, कहा—गुणवत्ता से समझौता नहीं, समय पर हों काम

पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने भागलपुर प्रमंडल में चल रहे परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को कई सख्त निर्देश दिए......

पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर कुमार शैलेंद्र ने दिए सख्त निर्देश- फोटो : धीरज सिंह

Patna : बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र की अध्यक्षता में आज पटना स्थित विश्वेश्वरैया भवन के सभाकक्ष में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भागलपुर प्रमंडल के अंतर्गत पथ निर्माण विभाग, राष्ट्रीय उच्च पथ (NH) प्रमंडलों, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड (BRPNNL) तथा बिहार राज्य पथ विकास निगम लिमिटेड (BSRDCL) के अधीन संचालित विभिन्न सड़क, पुल और रेल ओवरब्रिज (ROB) परियोजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई।


प्रमुख सड़क और बाईपास परियोजनाओं की प्रगति की पड़ताल 

बैठक के दौरान भागलपुर–अमरपुर–बांका (SH-25) के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण और सुल्तानगंज–तारापुर–बेलहर–कटोरिया–दर्दमारा (SH-22) के 4-लेन निर्माण कार्य का जायजा लिया गया। इसके अतिरिक्त, NH-80 (भागलपुर–कहलगांव–मिर्जाचौकी खंड) और NH-333A के तहत कटोरिया, लखपुरा, बांका व पंजवारा बाईपास कार्यों की अद्यतन स्थिति खंगाली गई। समीक्षा में बताया गया कि NH-80 के 47.815 किमी खंड के पुनर्वास व चौड़ीकरण का कार्य 95% से अधिक पूरा हो चुका है, जबकि अमरपुर बाईपास (7.052 किमी) के शेष निर्माण के लिए भू-अर्जन प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।


पुल, ROB और गंगा पथ परियोजनाओं पर विशेष जोर 

बैठक में भागलपुर–बौंसी रेलवे लाइन पर ROB, एस.एम. कॉलेज–मिर्जानहाट मार्ग पर ROB, ऑरहनी नदी पर H.L. RCC ब्रिज, सुखानिया नदी पर 4-लेन ब्रिज तथा चर्चित सुलतानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल की प्रगति पर चर्चा हुई। इसके साथ ही मुंगेर (सफीयाबाद)–बरियारपुर–घोरघट–सुलतानगंज गंगा पथ और सुलतानगंज–भागलपुर–सबौर गंगा पथ की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने भू-अर्जन, वन एवं पर्यावरण क्लीयरेंस की बाधाओं को अतिशीघ्र दूर कर निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।


विभागीय समन्वय और अड़चनों को दूर करने का निर्देश 

पथ निर्माण मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि भू-अर्जन, रेलवे से GAD/NOC स्वीकृति, वन विभाग से फॉरेस्ट क्लीयरेंस तथा विद्युत विभाग से यूटिलिटी शिफ्टिंग जैसे लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। इसके लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से निरंतर समन्वय स्थापित कर आ रही प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनों को अविलंब सुलझाने को कहा गया, ताकि निर्माण कार्य में कोई रुकावट न आए।


गुणवत्ता और समय-सीमा पर सख्त हिदायत 

बैठक के दौरान मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी निर्माण एजेंसियों और अभियंताओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर परियोजनाओं को पूरा करने का कड़ा निर्देश दिया। बैठक में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, अभियंता प्रमुख, BSRDCL के मुख्य महाप्रबंधक तथा संबंधित प्रमंडलों के अधीक्षण एवं कार्यपालक अभियंता मौजूद रहे।


नरोत्तम की रिपोर्ट