Chhath Puja controversy: 'बिहार के प्रति बीजेपी की ओछी सोच', रोहिणी आचार्य ने राज ठाकरे के बहाने घेरा

Chhath Puja controversy: राज ठाकरे के छठ पूजा और मुंबई को लेकर दिए गए बयान पर रोहिणी आचार्य ने बीजेपी को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार और छठ पर टिप्पणियों के बावजूद बीजेपी चुप है।

Chhath Puja controversy:  आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के बयान को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज ठाकरे लगातार छठ पूजा और बिहार की संस्कृति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं, लेकिन बीजेपी उनका विरोध नहीं करती। रोहिणी ने कहा कि महाराष्ट्र और केंद्र में सत्ता में होने के बावजूद बीजेपी इस मुद्दे पर चुप है।


रोहिणी आचार्य ने बीजेपी पर क्या आरोप लगाए?


रोहिणी आचार्य ने कहा कि राज ठाकरे जैसे लोग बिहार और महापर्व छठ की संस्कृति और परंपराओं पर लगातार अमर्यादित टिप्पणियां करते हैं। उन्होंने इसे निंदनीय बताया। रोहिणी के मुताबिक, महाराष्ट्र और केंद्र के साथ बिहार में भी बीजेपी और एनडीए के नेता सत्ता में हैं। इसके बावजूद बीजेपी के मंत्री, सांसद, विधायक और दूसरे नेता इस तरह की टिप्पणियों पर चुप हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि छठ जैसे पवित्र पर्व के समय विवादित बयान देने वालों के खिलाफ सरकार की ओर से कार्रवाई का आदेश क्यों नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में बीजेपी की चुप्पी बिहार के प्रति उसकी सोच को दिखाती है।


राज ठाकरे ने छठ पूजा को लेकर क्या कहा था?


दरअसल, राज ठाकरे ने 13 नवंबर को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि बीजेपी और उससे जुड़े सोशल मीडिया समूह छठ पूजा के मुद्दे का इस्तेमाल मुंबई और महाराष्ट्र में तनाव पैदा करने के लिए कर रहे हैं। राज ठाकरे ने दावा किया था कि सोशल मीडिया पर छठ पूजा के अनुष्ठानों से जुड़े वीडियो को सांस्कृतिक आक्रमण के तौर पर पेश किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाने की कोशिश की गई, जिसे मनसे ने तुरंत बंद करा दिया।



बीजेपी पर चुनावी फायदे के लिए माहौल बनाने का आरोप


राज ठाकरे ने अपने पोस्ट में यह भी आरोप लगाया था कि बीजेपी की ये गतिविधियां उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर की जा रही हैं। उन्होंने बीजेपी के सोशल मीडिया अभियान और उसकी चुनावी रणनीति पर भी सवाल उठाए थे। राज ठाकरे ने दावा किया था कि चुनाव के समय बीजेपी जाति और धर्म के आधार पर लोगों के बीच नफरत फैलाने की कोशिश करती है। उन्होंने बुर्का पहनी महिलाओं से जुड़े वीडियो का भी जिक्र किया और आरोप लगाया कि ऐसे वीडियो के जरिए लोगों में डर पैदा किया जाता है।