Rohini Acharya controversy: लालू यादव के परिवार में कौन-कौन कहाँ है और किसकी क्या भूमिका? जानें सबकुछ
Rohini Acharya controversy: लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के पूरे परिवार का फैमिली ट्री जानें। रोहिणी आचार्य विवाद से लेकर तेजस्वी-तेज प्रताप और सभी बेटियों की प्रोफाइल पढ़ें।
Rohini Acharya controversy: बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी का परिवार हमेशा चर्चा के केंद्र में रहा है। सत्ता, चुनाव, आरोप–प्रत्यारोप और सामाजिक मुद्दों हर जगह इस परिवार की मौजूदगी महसूस होती है। 2025 के चुनाव में राजद के खराब प्रदर्शन के बाद परिवार के भीतर उठे मतभेदों ने लोगों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है। ऐसे में यह जानना स्वाभाविक है कि लालू–राबड़ी परिवार में कौन–कौन हैं और आज वे किस दुनिया से जुड़े हुए हैं।
मीसा भारती सबसे बड़ी बेटी और सक्रिय राजनीतिक चेहरा
लालू–राबड़ी की पहली संतान मीसा भारती पेशे से डॉक्टर हैं, लेकिन असली पहचान उन्हें राजनीति में मिली। वे राज्यसभा की सदस्य रह चुकी हैं और आज भी पार्टी की प्रमुख रणनीतिक आवाजों में गिनी जाती हैं। उनकी शादी इंजीनियर शैलेश कुमार से हुई है। उनका नाम उस क़ानून से प्रेरित है जिसके तहत आपातकाल में लालू यादव को जेल हुई थी।
रोहिणी आचार्य पिता को किडनी देकर सुर्खियों में आईं
रोहिणी आचार्य सिंगापुर में रहती हैं और डॉक्टर हैं। पिता लालू यादव को किडनी देकर उन्होंने पूरे देश में सम्मान पाया। हालांकि 2025 के चुनाव के बाद उन्होंने परिवार पर नाराज़गी जताई और कई भावुक संदेश लिखे, जिनके बाद वे सिंगापुर लौट गईं। हाल के दिनों में उनकी बातों ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।
चंदा सिंह परिवार की शांत सदस्य
चंदा तीसरी संतान हैं और मीडिया की चमक–दमक से दूर रहना पसंद करती हैं। उनकी शादी पायलट विक्रम सिंह से हुई है। वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में बहुत कम नज़र आती हैं और अपने निजी जीवन को तरजीह देती हैं।
रागिनी यादव राजनीतिक परिवार की बहू
रागिनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुकी हैं और उनकी शादी समाजवादी पृष्ठभूमि वाले राहुल यादव से हुई है। सार्वजनिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी कम रहती है और वे राजनीति की सक्रिय भूमिकाओं से दूरी बनाए रखती हैं।
हेमा यादव सुर्खियों से दूर रहने वाली इंजीनियर
हेमा यादव बी.टेक कर चुकी हैं और उनके पति विनीत यादव हैं। वे विवादों और राजनीति से परहेज़ करती हैं। परिवार में उन्हें एक शांत और निजी जीवन जीने वाली बेटी के रूप में जाना जाता है।
अनुष्का धन्नू राव हरियाणा की बहू और इंटीरियर डिज़ाइनर
अनुष्का यादव, जिन्हें लोग “धन्नू” कहते हैं, पेशे से इंटीरियर डिज़ाइनर हैं। उनकी शादी हरियाणा के एक बड़े कारोबारी परिवार में हुई। यद्यपि वे परिवार में काफी लोकप्रिय हैं, पर सार्वजनिक मंचों पर उनकी उपस्थिति बहुत कम होती है।
राज लक्ष्मी मुलायम सिंह के परिवार से रिश्ता
सबसे छोटी बेटी राज लक्ष्मी यादव ने मुलायम सिंह यादव के पोते तेज प्रताप सिंह से शादी की है। वे राजनीतिक गतिविधियों से दूर रहती हैं और अधिकतर समय परिवार और ससुराल के साथ बिताती हैं।
बयानों से विवाद खड़ा करने वाले बड़े बेटे
लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप अक्सर अपने बयान, वेशभूषा और नाटकीय शैली के कारण सुर्खियों में रहते हैं। वे मंत्री भी रह चुके हैं। लेकिन 2025 के चुनाव के बाद उत्पन्न स्थितियों में उनकी कथित गैर–जिम्मेदारी को लेकर पिता ने उन्हें परिवार और पार्टी—दोनों से बाहर कर दिया। उनकी छवि हमेशा बहस का मुद्दा रही है।
लालू परिवार का भविष्य और राजनीति का केंद्र
तेजस्वी यादव आज लालू परिवार का सबसे बड़ा राजनीतिक चेहरा हैं। क्रिकेट से राजनीति में आए तेजस्वी बिहार के उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं। 2025 की हार के बाद भी उनका कद राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा है। उनकी शादी राजश्री से हुई है और उनके दो बच्चे हैं। राजद का पूरा नेतृत्व आगे चलकर उन्हीं के हाथों में माना जाता है।